World

कैलिफोर्निया में आग का तांडव जारी, 16 मौतें, 56000 एकड़ जमीन खाक

New York: अमेरिका के लॉस एंजिल्स में जंगलों में लगी भीषण आग अब तक काबू में नहीं आ पाई है, कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसोम ने इसे राज्य के इतिहास की सबसे बड़ी आग करार दिया है। इस भयावह आग ने 56,000 एकड़ से अधिक भूमि को अपनी चपेट में ले लिया है और अब तक 16 लोगों की जान ले चुकी है. इसके अलावा, कई लोग लापता बताए जा रहे हैं. आग के चलते 1 लाख से अधिक लोगों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है, जबकि कई हॉलीवुड सितारों और नेताओं के घर भी आग की चपेट में आकर खाक हो गए हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस आग के कारण अमेरिका को अब तक लगभग 50 अरब डॉलर का नुकसान हो चुका है, जो बढ़ने की आशंका है. कई शहर पूरी तरह उजड़ चुके हैं, और हजारों परिवारों के घर जलकर खाक हो गए हैं. लाखों लोगों को सड़क और राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है.

आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास जारी हैं. लगभग 14,000 अग्निशमन कर्मियों को 1,600 फायर फाइटिंग उपकरणों और 71 हेलीकॉप्टरों के साथ तैनात किया गया है. मेक्सिको ने भी इस प्रयास में मदद के लिए हाथ बढ़ाया है. रिपोर्ट के मुताबिक, पालिसैड्स जंगल की आग सैन फर्नांडो घाटी तक फैल चुकी है. बढ़ते खतरे को देखते हुए एनकिनो और ब्रेंटवुड जैसे क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का आदेश दिया गया है.

अधिकारियों के मुताबिक, पैलिसैड्स जंगल की आग पर 11 प्रतिशत, ईटन में लगी आग पर 15 प्रतिशत, केनेथ आग पर 80 प्रतिशत और हर्स्ट आग पर 76 प्रतिशत काबू पाया जा चुका है. हालांकि, बाकी जगहों पर आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास जारी हैं. तेज हवाओं के चलते राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं. इस भीषण आग ने हॉलीवुड और अन्य रिहायशी इलाकों को भी अपनी चपेट में ले लिया है. कई हॉलीवुड सितारों और स्थानीय नेताओं के घर जलकर खाक हो चुके हैं. आग की तीव्रता को देखते हुए नुकसान का दायरा और बढ़ सकता है.

कैलिफोर्निया के गवर्नर ने इसे राज्य की सबसे विनाशकारी आग बताते हुए कहा कि इसे काबू में लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने फायर फाइटर्स और राहत टीमों की सराहना करते हुए कहा कि स्थिति को संभालने में अभी और समय लगेगा.

 

Related Articles

Back to top button