

Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग के अफेयर के बारे में पहले से जानते थे ट्रंप
दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग और चीन की कथित जासूस एलिस हुआंग के बीच संबंधों को लेकर अमेरिका में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, ट्रंप को इस कथित जासूसी नेटवर्क और जेन्सेन हुआंग के करीबी संबंधों की जानकारी करीब एक साल पहले ही दे दी गई थी। इतना ही नहीं, विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को चेतावनी दी थी।
इसके बावजूद ट्रंप प्रशासन ने उस समय कोई सार्वजनिक कार्रवाई नहीं की। अब सवाल उठ रहा है कि जब अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी आशंका थी, तो आखिर ट्रंप ने इस चेतावनी को गंभीरता से क्यों नहीं लिया?
रूबियो ने तैयार कराया था गोपनीय मेमो
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की निगरानी में एक गोपनीय मेमो तैयार किया गया था। इसमें Nvidia CEO जेन्सेन हुआंग और एलिस हुआंग के बीच कथित करीबी संबंधों का जिक्र था।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह था कि एलिस हुआंग चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम कर रही थीं और जेन्सेन हुआंग से जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रही थीं। यह मेमो ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच साझा किया गया था।
बताया गया है कि यह चेतावनी ट्रंप की चीन यात्रा से पहले सामने आई थी। इसके बावजूद मामले को लेकर तत्काल कोई सार्वजनिक कार्रवाई नहीं की गई।
ट्रंप ने क्यों किया नजरअंदाज?
रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप को करीब एक साल पहले ही एलिस हुआंग से संबंधित खुफिया जानकारी दी गई थी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप ने उस समय इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं की।
इस मामले का एक अहम पहलू यह भी है कि जेन्सेन हुआंग को शुरुआत में ट्रंप के चीन दौरे पर जाने वाले कारोबारी प्रतिनिधिमंडल में शामिल नहीं किया गया था। लेकिन बाद में ट्रंप ने उन्हें अलास्का में एयरफोर्स वन के ठहराव के दौरान अपने साथ यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
जेन्सेन हुआंग और ट्रंप के बीच करीबी संबंध रहे हैं। Nvidia की AI चिप्स को चीन में बेचने पर लगी पाबंदियों को लेकर भी हुआंग अमेरिकी प्रशासन के सामने अपना पक्ष रखते रहे हैं।
जेन्सेन हुआंग ने अफेयर की बात स्वीकार की
विवाद बढ़ने के बाद Nvidia CEO जेन्सेन हुआंग ने अपनी पत्नी और परिवार से माफी मांगी। कंपनी के कर्मचारियों को भेजे गए संदेश में उन्होंने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे।
उन्होंने कहा कि उनके इस कदम से पत्नी और बच्चों को चोट पहुंची है और इसके लिए कोई बहाना नहीं है।
हालांकि, कथित जासूसी और कंपनी की गोपनीय जानकारियों के लीक होने के आरोपों को लेकर जांच अभी जारी है।
Nvidia बोर्ड ने शुरू की स्वतंत्र जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए Nvidia के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच शुरू करने का फैसला किया है। कंपनी के बोर्ड ने कहा है कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई कारण नहीं है जिससे यह माना जाए कि अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा या Nvidia की गोपनीय कारोबारी जानकारियों से समझौता हुआ है।
जांच पूरी होने तक जेन्सेन हुआंग कंपनी के CEO बने रहेंगे। उन्होंने भी जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है।
चीन ने जासूसी के आरोपों को बताया निराधार
दूसरी तरफ चीन ने अपने ऊपर लगे जासूसी के आरोपों को खारिज किया है। चीन के विदेश मंत्रालय ने इन दावों को निराधार बताते हुए कहा कि यह चीन को बदनाम करने की कोशिश है।
इस पूरे विवाद ने अमेरिका और चीन के बीच तकनीकी प्रतिस्पर्धा को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। Nvidia की AI चिप्स वैश्विक तकनीकी उद्योग के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में कंपनी के CEO से जुड़े जासूसी के आरोपों ने अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा और चीन को चिप निर्यात की नीति पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अमेरिकी प्रशासन को पहले से खुफिया जानकारी मिलने के बावजूद इस मामले में समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई और जांच में आगे क्या खुलासे सामने आते हैं?




