
मुंबई : भारत और श्रीलंका में खेले गए विश्व कप 2025 में दर्शकों की संख्या और लोकप्रियता को देखते हुए आईसीसी ने फैसला लिया कि महिला विश्व कप 2029 में अब 8 की जगह 10 टीमें हिस्सा लेंगी. वहीं आईसीसी ने यह भी पुष्टि की कि लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में छह-छह क्रिकेट टीमें शामिल होंगी. इस दौरान दोनों वर्गों को मिलाकर कुल 28 मैच होंगे. ये मुकाबले टी20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की बैठक में इस खेल के वैश्विक विस्तार, विमेंस क्रिकेट को मजबूत करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए हैं.
आईसीसी के अनुसार क्रिकेट को वैश्विक मल्टी-स्पोर्ट प्लेटफॉर्म पर भी मजबूत किया जा रहा है. आने वाले वर्षों में क्रिकेट एशियन गेम्स (2026), अफ्रीकन गेम्स (2027) और पैन-अमेरिकन गेम्स (2027) और लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 का हिस्सा रहने जा रहा है. एशियन गेम्स जापान, अफ्रीकन गेम्स काहिरा और पैन अमेरिकन गेम्स लीमा में आयोजित होने हैं. आईसीसी ने क्रिकेट वीडियो गेम बनाने के लिए ग्लोबल कंपनियों को आमंत्रण (ITT) जारी करने की मंजूरी दी. इससे क्रिकेट को ई-स्पोर्ट्स और डिजिटल एंटरटेनमेंट में और विस्तार मिलेगा.
आईसीसी की महिला क्रिकेट समिति में कुछ नए सदस्यों की एंट्री हुई है. इनमें मिताली राज (भारत), अमोल मजूमदार (भारत), चार्लोट एडवर्ड्स (इंग्लैंड), बेन सॉयर (ऑस्ट्रेलिया), एश्ले डी सिल्वा (श्रीलंका) और साला स्टेला सियाले-वेया (समोआ) के नाम शामिल हैं. अमोल मजूमदार की ही कोचिंग में भारतीय महिला टीम ने वर्ल्ड कप 2025 जीता था.




