
Ranchi : अमृत मिशन 2 के तहत झारखंड के 7 अमृत शहरों में 24 घंटे जलापूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने राज्य स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है जिसकी पहली बैठक शुक्रवार को राज्य सचिवालय स्थित सभागार में हुई. राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक अमित कुमार ने टास्क फोर्स के सदस्यों के साथ बैठक कर उन्हें कई आवश्यक निर्देश दिये.
टास्क फोर्स कैसे काम करेगा
- टास्क फोर्स यह सुनिश्चित करेगी इस सभी शहरों में नए कनेक्शन के साथ-साथ पुराने कनेक्शन को भी दुरुस्त किया जाये.
- यह सुनिश्चित होगा जलापूर्ति होने वाला जल इतना स्वच्छ हो कि कोई भी व्यक्ति सीधे नल से जल लेकर पी सके.
- डीपीआर बनाने से पहले सभी आवश्यकताओं का आकलन कर लें.
- जलापूर्ति को लेकर संबंधित शहर में पर्याप्त जल स्रोत सुनिश्चित करें.
- इन सभी शहरों में तीव्र गति से कार्य किया जाये.
- 21 और 22 फरवरी को नागपुर में रीजनल कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे टीम के सदस्य.
बता दें कि भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देश पर देश के सभी अमृत शहरों में 24 * 7 जल आपूर्ति को लेकर प्रयास शुरू हुआ है और इसके लिए सभी राज्यों में टास्क फोर्स के गठन का निर्देश दिया गया है. 21 और 22 फरवरी को महाराष्ट्र के नागपुर में रीजनल कॉन्फ्रेंस का आयोजन हो रहा है जिसमें झारखंड में गठित टास्क फोर्स के सभी 10 सदस्य शामिल होंगे और झारखंड के लिए तैयार एक्शन प्लान को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए रखेंगे. अमृत योजना के तहत झारखंड के 7 शहर शामिल है, जिनमें रांची, धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग, चास, देवघर और आदित्यपुर शामिल हैं.
अमृत शहरों में भी बनेगा टास्क फोर्स
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिस प्रकार से राज्य स्तर पर टास्क फोर्स का गठन हुआ है उसी प्रकार से इन सभी सात शहरों में भी निकाय स्तर पर टास्क फोर्स का गठन होगा जो कार्य को तीव्र गति से सुनिश्चित कराने की दिशा में अपनी भूमिका निभायेगा.
बैठक में ये रहे मौजूद
टास्क फोर्स की पहली बैठक में राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक अमित कुमार के अलावा SUDA की ओर से डिप्टी डायरेक्टर कृष्ण कुमार, टास्क फोर्स के अध्यक्ष और JUIDCO के प्रोजेक्ट डायरेक्टर टेक्निकल गोपाल जी और टीम के सभी सदस्य मौजूद रहे.
इसे भी पढे़ं – कृषि विधेयक: 18 फरवरी को चैंबर ऑफ कॉर्मस ने बुलायी आधे दिन की बंदी, 12 संगठनों का समर्थन



