GarhwaJharkhandLead NewsRanchi

सरकार का दावा: गढ़वा में भुखमरी से नहीं, बीमारी से हुई सुरेश मुसहर की मृत्यु

Ranchi: गुरुवार (28 सितम्बर) को एक समाचार पत्र में गढ़वा के डंडई में महादलित परिवार को 7 माह से राशन नहीं मिलने और परिवार के सामने भुखमरी की स्थिति बढने की खबर छपी. इसके कारण मुसहर परिवार के एक सदस्य 58 वर्षीय सुरेश मुसहर की मृत्यु की सूचना भी इसमें दी गयी. इस पर गढ़वा डीसी शेखर जमुआर ने मामले को गंभीरता से लिया. एक जिला स्तरीय जांच टीम का गठन कर मामले की गहन जांच करायी. मृतक के निवास स्थल पर जाकर उनके मृत होने के कारणों की जाँच प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, डण्डई एवं अनुमण्डल पदाधिकारी, गढ़वा के साथ उप विकास आयुक्त द्वारा संयुक्त रूप से की गई. जाँच के क्रम में मृतक के परिवार के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई. इसके अनुसार इनके परिवार में 04 पुत्र (अनिल मुसहर, मुकेश मुसहर, लखन मुसहर एंव बबलु मुसहर) तथा उनकी पत्नी उर्मिला देवी एवं पोते-पोतियों के साथ अन्य सभी सदस्य रहते हैं. जाँच के समय उपस्थित मृतक की पत्नी उर्मिला से पूछ-ताछ के क्रम में बताया गया कि उनके पति सुरेश मुसहर विगत कई दिनों से पेट की बीमारी से ग्रसित थे. उनका इलाज स्थानीय निजी क्लिनिक के चिकित्सक सए जारी था. मृतक के परिवार के सदस्यों एवं उनकी पत्नी के द्वारा बताया गया कि 24 सितम्बर को कलवार ब्याहुत समाज के पूजा समारोह में किसान उच्च विद्यालय, डंडई के प्रांगण में उन सभी लोगों ने खाना खाया था. घर के अन्य सदस्यों के लिए खाना भी लाया गया था. परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सोये थे. 25 सितम्बर को उर्मिला और उनके पति के द्वारा सतु का सेवन किया गया था. इसके बाद अचानक तबियत बिगड़ने के बाद डंडई बाजार स्थित निजी क्लिनिक में ईलाज हेतु उन्हें ले गए थे. ईलाज कराकर घर लाने के बाद तबियत ज्यादा खराब हो गई और उनकी मृत्यु भी हो गई.

इन्होंने भी दी गवाही

जाँच के क्रम में उपस्थित जिला परिषद सदस्य मोहन पासवान, उप प्रमुख प्रतिनिधि रामाशीष गुप्ता, ग्राम पंचायत, डंडई मुखिया प्रतिनिधि महेश्वर राम एवं ग्राम पंचायत रारो के मुखिया प्रतिनिधि जितेन्द्र ठाकुर, दिनानाथ पाण्डेय, प्रखण्ड 20 सूत्री सदस्य के द्वारा बताया गया कि ईलाज के क्रम में निजी क्लीनिक में ईलाज के समय हमलोग जनप्रतिनिधि होने के नाते उपस्थित थे. ईलाज में सहयोग किए भी किया था. दैनिक अखबार में सुरेश मुसहर की मृत्यु भुख से होने संबंधित प्रकाशित खबर बिल्कुल निराधार है. उसकी मृत्यु बीमारी के कारण हुई है. जनप्रतिनिधियों के द्वारा इस संदर्भ में लिखित बयान भी दिया गया है.

मृतक की पत्नी उर्मिला देवी से राशन मिलने के संबंध में पूछे जाने पर बताया गया कि उनकी पतोहु (लालो देवी) के नाम से ग्रीन राशन कार्ड ( राशन कार्ड संख्या 202800083047) बना हुआ है. राशन कार्ड में 08 सदस्य हैं जिसमें सुरेश मुसहर का भी नाम दर्ज है. राशन कार्ड से उनलोगों को राशन (चावल) नियमित रूप से प्राप्त हो रहा है. इसके अतिरिक्त मृतक सुरेश मुसेहर के परिवार के सदस्यों के बीच कुल चार राशन कार्ड है, जिसमें तीन ग्रीन राशन कार्ड लालो देवी के नाम से राशन कार्ड संख्या 202800083047, बबलु मुसहर, राशन कार्ड संख्या 202800076266. केली देवी राशन कार्ड संख्या 20280103420 एंव सुरेश मुसहर का पोता राजा मुसहर के नाम से अंत्योदय राशन कार्ड संख्या 202007436987 बना हुआ है, जिससे माह अगस्त 2023 का राशन 07.09.2023 को एवं माह सितम्बर 2023 का खाद्यान्न का उठाव 25.09.2023 को किया गया है. जाँच के क्रम में यह भी पाया गया कि मृतक सुरेश मुसहर के पुत्र लखन मुसहर के पास स्वयं का चार पहिया वाहन (कमाण्डर जीप) रजिस्ट्रेशन संख्या UP62F5525 है, जिसे ग्राम लवाही कला के हिरा साद से क्रय किया गया है.

पूर्व में इनके पास तीन पहिया वाहन एवं दो पहिया वाहन भी था, जिसे इनके द्वारा बताया गया कि इसे बिक्री कर दिया गया है. इसके अतिरिक्त इनके परिवार के अन्य सदस्यों के पास मोबाईल फोन, सोलर लाईट प्लेट सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान एवं पशुधन के रूप में चार सुअर, चार बकरियां एवं आठ मुर्गी है. इस प्रकार मृतक की पत्नी उर्मिला देवी द्वारा दिये गए बयान एवं जांच के क्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा दिये गए बयान से स्पष्ट होता है कि सुरेश मुसहर की मृत्यु भुख से नहीं हुई है, बल्कि इनकी मृत्यु बीमारी के कारण हुई है.

बाबूलाल का सवाल

गौरतलब हैकि अखबार में गढ़वा में भूख से सुरेश मुसहर की खबर पर पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार को निशाने पर लिया था. कहा था कि गढ़वा जिले में पर्याप्त भोजन नहीं मिलने के कारण भूख से तड़प कर एक दलित व्यक्ति सुरेश की असामयिक मौत हो गई. परिजनों के अनुसार उन्हें पिछले 7-8 महीने से राशन नहीं मिल रहा l इससे बड़ी शर्मिंदगी और क्या हो सकती है कि आपकी सरकार गरीबों को दो वक्त का राशन भी उपलब्ध नहीं करा पा रही. यह साधारण मौत नहीं बल्कि झारखंड के भ्रष्ट सिस्टम द्वारा की गई एक हत्या है, जिसके दोषी मुख्यमंत्री से लेकर प्रखंड तक कमीशन खाने वाले सभी अधिकारी हैं. सरकार को शर्म आनी चाहिए.

Related Articles

Back to top button