JharkhandLead NewsNEWSRanchi

भाजपा में झूठ और आधी-अधूरी जानकारी देने वालों की भरमार, प्रवक्ता तथ्यों को समझें: राकेश सिन्हा

रांची: प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भारतीय जनता पार्टी पर झूठ, भ्रम और आधी-अधूरी जानकारी के सहारे राजनीति करने का तीखा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रवक्ता जिन आंकड़ों, दावों और योजनाओं का हवाला देकर राज्य सरकार तथा कांग्रेस को घेरने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें पहले तथ्यों की सही और पूरी जानकारी हासिल कर लेनी चाहिए। राकेश सिन्हा ने स्पष्ट किया कि भाजपा प्रवक्ता द्वारा प्रस्तुत किए गए आंकड़े ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के कार्यकाल से संबंधित ही नहीं हैं। बिना ठोस समय-सीमा, विभागीय जिम्मेदारी और वास्तविक संदर्भ के आंकड़े पेश करना जनता को गुमराह करने की सोची-समझी राजनीतिक कोशिश है।
राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा प्रवक्ताओं को यह तथ्य भी याद रखना चाहिए कि केंद्र की भाजपा सरकार ने झारखंड को दो वर्षों तक प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित रखा। उस अवधि में राज्य के पात्र और जरूरतमंद लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका, जिससे गरीब परिवारों की परेशानी बढ़ी। इसी उपेक्षा और जरूरतमंद गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता के तहत झारखंड की गठबंधन सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी अबुआ आवास योजना शुरू की, ताकि गरीबों को अपने पक्के मकान का सपना पूरा करने का अवसर मिल सके।
मनरेगा को लेकर भाजपा की राजनीति को पूरी तरह विरोधाभासी बताते हुए राकेश सिन्हा ने कहा कि एक ओर भाजपा प्रवक्ता स्वयं यह स्वीकार कर रहे हैं कि मनरेगा ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार और जरूरतमंद लोगों के लिए रोजगार का महत्वपूर्ण सहारा रहा है, वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा की जगह नई व्यवस्था को लेकर की जा रही पहल के बावजूद राजनीतिक बयानबाजी की जा रही है। उन्होंने सीधा सवाल उठाया कि जब केंद्र सरकार नई व्यवस्था की बात कर रही है, तो भाजपा के नेता आज भी मनरेगा का नाम लेकर भ्रम क्यों फैला रहे हैं। सच्चाई यह है कि मनरेगा के तहत झारखंड के मजदूरों की मजदूरी का भुगतान केंद्र सरकार की ओर से लंबित रखा गया है। राकेश सिन्हा ने पूछा कि भाजपा प्रवक्ता पहले यह स्पष्ट करें कि गरीब मजदूरों की मेहनत की कमाई का भुगतान रोकने की जिम्मेदारी किसकी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रवक्ता को विभागीय जानकारी का भी गंभीर अभाव है। जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने की योजना ग्रामीण विकास विभाग के अधीन नहीं, बल्कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अंतर्गत आती है। ऐसे में किसी विभाग के कामकाज पर सवाल उठाने से पहले संबंधित विभाग और उसकी वास्तविक जिम्मेदारी की जानकारी रखना बेहद जरूरी है, लेकिन बिना जानकारी के आरोप लगाने की प्रवृत्ति से केवल भ्रम पैदा होता है।
राकेश सिन्हा के अनुसार, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भाजपा प्रवक्ता जिन योजनाओं का उल्लेख कर रहे हैं, वे सभी केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाएं हैं। झारखंड सरकार लगातार यह सवाल उठाती रही है कि केंद्र सरकार केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में राज्य के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। कभी योजनाओं के लाभुकों को मिलने वाला लाभ रोक दिया जाता है, तो कभी केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक हिस्सेदारी में देरी की जाती है। इसके बावजूद भाजपा के नेता अपनी केंद्र सरकार से जवाब मांगने के बजाय राज्य सरकार पर आरोप लगाने में व्यस्त हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि यदि केंद्रीय योजनाओं में झारखंड को पर्याप्त राशि और समय पर केंद्रीय हिस्सेदारी मिले, लाभुकों का बकाया भुगतान समय पर हो तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में राजनीतिक भेदभाव बंद हो, तो राज्य में विकास की गति और तेज होगी। राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा के नेताओं को जनता को गुमराह करने के बजाय प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार से झारखंड का बकाया हक और उचित हिस्सा दिलाने की लड़ाई लड़नी चाहिए।
अंत में राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा को यह समझना होगा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऊंची आवाज में आंकड़े पढ़ देने से झूठ सच नहीं बन जाता। प्रदेश की जनता अब तथ्यों और सच्चाई को भलीभांति समझती है। केंद्र सरकार की विफलताओं और नाकामियों का ठीकरा राज्य सरकार के माथे मढ़ने की भाजपा की यह राजनीति ज्यादा दिनों तक चलने वाली नहीं है और लोकतांत्रिक बहस में तथ्यों की ही जीत होगी।

Related Articles

Back to top button