JharkhandLead NewsNEWSRanchi

महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन की साजिश कर रही केंद्र सरकार: सतीश पौल मुजनी

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुजनी ने केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण के नाम पर देश में परिसीमन की राजनीतिक साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में संसद से पारित हो चुके महिला आरक्षण कानून को महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार देने के बजाय परिसीमन की शर्त जोड़कर वर्षों तक टालना सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
मुजनी ने कहा कि अप्रैल 2026 में लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक के गिरने से स्पष्ट हो गया था कि सरकार के प्रस्ताव को पर्याप्त संवैधानिक समर्थन नहीं मिला, लेकिन इसके बावजूद सरकार अब नए सिरे से परिसीमन से जुड़े विधेयक की तैयारी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस विधेयक से लोकसभा और राज्यों की विधानसभा सीटों की संरचना प्रभावित हो सकती है, उसका मसौदा तक सार्वजनिक नहीं किया गया है और विपक्ष को विश्वास में लिए बिना या सर्वदलीय बैठक बुलाए बिना ऐसा कदम उठाना लोकतांत्रिक परंपराओं के विरुद्ध है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के पक्ष में रही है और मांग करती है कि वर्तमान 543 लोकसभा सीटों में से 181 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित कर इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से ही लागू किया जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार धारा 334A में संशोधन कर सकती है, तो परिसीमन की अनिवार्य शर्त हटाकर 2029 से आरक्षण देने का रास्ता क्यों नहीं खोलती।
सतीश पौल मुजनी ने कहा कि परिसीमन से राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, संघीय ढांचे और लोकतांत्रिक संतुलन पर सीधा असर पड़ेगा, खासकर उन राज्यों पर जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण और विकास में बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने वर्ष 1976 और 2001 की तरह अगले 25 वर्षों तक 543 लोकसभा सीटों और राज्यों के प्रतिनिधित्व के अनुपात को सुरक्षित रखने की मांग की। साथ ही उन्होंने असम परिसीमन का हवाला देते हुए प्रक्रिया में पारदर्शिता, चुनाव आयोग व परिसीमन आयोग की विश्वसनीयता और सर्वदलीय बैठक बुलाने पर जोर दिया।
मुजनी ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं, बल्कि इसकी आड़ में परिसीमन की राजनीति और संघीय ढांचे को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ है। उन्होंने मांग की कि प्रस्तावित विधेयक का मसौदा सार्वजनिक किया जाए, सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए, 25 वर्षों तक सीटों का संतुलन कायम रखा जाए और 2029 से महिला आरक्षण लागू किया जाए।

Related Articles

Back to top button