JharkhandLead NewsNEWSRanchi

पारस एचईसी हॉस्पिटल में साढ़े तीन घंटे की सर्जरी कर ड्राइवर का कटा अंगूठा जोड़ा

रांची: सड़क दुर्घटना में पूरी तरह कटकर अलग हुए 32 वर्षीय ड्राइवर के दाएं हाथ के अंगूठे को पारस एचईसी हॉस्पिटल, रांची में माइक्रोवैस्कुलर सर्जरी के जरिए सफलतापूर्वक जोड़ दिया गया है। दुर्घटना के करीब आठ घंटे बाद अस्पताल पहुंचे मरीज का लगभग साढ़े तीन घंटे तक ऑपरेशन चला, जिसके बाद अंगूठा सुरक्षित है और मरीज की स्थिति संतोषजनक बताई गई है।
पारस एचईसी हॉस्पिटल के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के सीनियर कंसल्टेंट एवं हेड डॉ. विवेक गोस्वामी ने बताया कि मरीज पेशे से ड्राइवर है, ऐसे में दाएं हाथ का अंगूठा कट जाना उसके रोजगार और भविष्य के लिए बड़ी चुनौती बन सकता था। उनके अनुसार, हाथ की पकड़, चीजों को उठाने और रोजमर्रा के कार्यों में अंगूठे की अहम भूमिका होती है। मरीज के करीब आठ घंटे बाद पहुंचने, अंगूठे में गंभीर क्रश इंजरी होने और गोल्डन आवर बीत जाने के कारण सर्जरी काफी चुनौतीपूर्ण थी। मरीज को संभावना और उपचार के विकल्प समझाए जाने के बाद उसकी सहमति से ऑपरेशन किया गया।
डॉ. गोस्वामी ने बताया कि सुपर माइक्रोसर्जरी तकनीक के तहत माइक्रोस्कोप की मदद से अंगूठे की दो डिजिटल आर्टरी, खून की वापसी के लिए तीन डॉर्सल वेन्स और दोनों डिजिटल नर्व को जोड़ा गया। साथ ही एक्सटेंसर और फ्लेक्सर टेंडन की मरम्मत की गई तथा के-वायर की सहायता से हड्डी को स्थिर किया गया। उन्होंने कहा कि सर्जरी के बाद शुरुआती 72 घंटे रक्त प्रवाह और रक्त वाहिकाओं के लिहाज से बेहद संवेदनशील होते हैं, लेकिन मरीज में कोई गंभीर समस्या नहीं आई। तीसरे दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और फॉलो-अप में अंगूठा सुरक्षित पाया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि रांची में ऐसी सुपर माइक्रोसर्जरी की सुविधा सीमित केंद्रों पर उपलब्ध है और अस्पताल में लाइका के हाई-एंड माइक्रोस्कोप की मदद से लगातार माइक्रो सर्जरी की जा रही है। डॉ. गोस्वामी ने लोगों से अपील की कि दुर्घटना में शरीर का कोई अंग कट जाए या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो, तो बिना समय गंवाए उचित चिकित्सा केंद्र पहुंचें ताकि समय पर उपचार से अंग को बचाया जा सके।
वहीं, फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ. नीतेश कुमार ने कहा कि पारस एचईसी हॉस्पिटल में अत्याधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के जरिए जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य मरीजों को ऐसी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं रांची में ही उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों में न जाना पड़े और वे जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन एवं रोजगार में लौट सकें।

Related Articles

Back to top button