
Ranchi: पांकी विधानसभा में बीजेपी की उम्मीदवारी को लेकर आगे उलटफेर देखा जा सकता है. कुछ ही दिनों पहले मर्डर केस के आरोपी शशिभूषण मेहता ने काफी हंगामे और विरोध के बीच बीजेपी ज्वाइन किया था.
सुचित्रा मिश्रा हत्याकांड में आरोपी शशिभूषण मेहता का विरोध सुचित्रा मिश्रा के घरवालों ने किया. मीडिया में भी उस दिन के बाद से शशिभूषण मेहता का नाम आने लगा. उन्हें दागी और आरोपी कहा जाने लगा. कयास लगाये जा रहे थे कि शशिभूषण मेहता को पांकी विधानसभा सीट के लिए बीजेपी से टिकट मिल सकता है.
लेकिन बुधवार को पूर्व सांसद नागमणि के बेटे सौरभ सिंह ने बीजेपी का दामन थाम लिया. सौरव कुमार की ज्वाइनिंग चतरा से सांसद सुनील कुमार की मौजूदगी में करायी गयी.
इसे भी पढ़ें – #JharkhandElection2019: कौन होगा हटिया और रांची से बीजेपी का उम्मीदवार, हो रही लॉबिंग, रोज ही कट और जुड़ रहे नाम
भ्रष्टाचार से देश को मुक्ति मिलीः सुनील सिंह
सांसद सुनील सिंह ने कहा कि बीजेपी ने पीएम मोदी के नेतृत्व में देश की राजनीतिक संस्कृति को बदलते हुए परिवारवाद की जड़ों को कुंद कर डाला, जिससे भ्रष्टाचार जैसी गंभीर बीमारी से देश को छुटकारा मिल पाया.
बीजेपी आज हर गांव, हर घर, हर दिल तक पहुंच चुकी है क्योंकि बीजेपी ही विश्व की एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसका हर कार्यक्रम भारत माता की जय के उद्घोष के साथ होता है और भारत माता की जय बोलने का मतलब 130 करोड़ लोगों का नमन करना होता है.
मिलन समारोह में ऑनलाइन सदस्यता ग्रहण एवं मंच संचालन प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन रांची ग्रामीण जिलाध्यक्ष सुरेंद्र महतो ने किया. समारोह में प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू भी मौजूद थे.
सदस्यता लेनेवालों में मुख्य रूप से पूर्व सांसद नागमणि के पुत्र सौरभ कुमार, गजेश कुशवाहा, राजेश कुशवाहा, अश्विनी तिवारी, पवन ताम्रकार, अनिल महतो, राकेश महतो, सुधा जायसवाल, जय कुशवाहा, केके तिवारी, आकाश कुशवाहा सहित कई अन्य शामिल थे. इसके अलावा सैकड़ों की संख्या में लोग वहां मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें – #JammuKashmir गये EU सांसदों ने कहा, #Pakistan करता है कश्मीर में #TerrorFunding



