
Chaibasa: बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले जा रहे जेएससीए अंतर संस्थानिक टी-20 प्रतियोगिता के दूसरे दिन ग्रुप-सी के लीग मैच में आरएसबी ट्रांसमिसन आदित्यपुर एवं सेरसा चक्रधरपुर की टीम ने क्रमशः रुंगटा माइंस चाईबासा एवं मिश्रीलाल जैन ग्रुप चाईबासा को पराजित कर अपना जीत का सिलसिला बरकरार रखा. आज के जीत के साथ ही दोनों ही टीमों के चार-चार अंक हो गए हैं. कल दोनों टीमों का आपस में मुकाबला होगा और जो टीम विजयी रहेगी वही सुपर डिवीजन के लिए क्वालीफाई कर जाएगी.
इसे भी पढ़ें: चाईबासा में 12 से 16 जून तक कुटुंब न्यायालय से जुड़े मामलों के निष्पादन के लिए स्पेशल मध्यस्थता ड्राइव का आयोजन
आज खेले गए पहले मैच में आरएसबी के कप्तान ने टॉस जीत कर गेंदबाजी करने का फैसला किया. रुंगटा माइंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित बीस ओवर में पाँच विकेट खोकर 224 रनों का स्कोर खड़ा किया. रूंगटा माइंस की ओर से जयप्रकाश राजपूत ने 80 नाबाद रनों की बेहतरीन पारी खेली. इसके अलावा कप्तान अनुराग संजय ने 54 रन बनाए. अन्य बल्लेबाजों में राहुल लकड़ा ने 40,कुमार करण ने 20,कार्तिक कृष्णा ने 14 तथा अरविंद कुमार ने 13 रन बनाए. आरएसबी की ओर से निशिकांत कुमार ने दो विकेट हासिल किए जबकि कप्तान विशाल सिंह, चंदन मुखी एवं अजय सोनु को एक-एक विकेट मिला.
जीत के लिए 225 रनों के लक्ष्य को हासिल करने मैदान में उतरी आरएसबी ट्रांसमिशन के बल्लेबाजों ने इस लक्ष्य को केवल 17.3 ओवर में तीन विकेट खोकर प्राप्त कर लिया. ओपनर शुभम सिंह ने 115 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली जबकि दूसरे ओपनर भानु आनंद ने 81 रन बनाए. दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए मात्र 12.4 ओवर में 158 रनों की बेहतरीन साझेदारी की. इसके अलावा कप्तान विशाल सिंह ने 21 रनों की पारी खेली. आरएसबी की पारी में गिरे सभी तीनों विकेट रुंगटा माइंस के अभिषेक कच्छप को मिला.

आज खेले गए दूसरे मैच में सेरसा चक्रधरपुर ने मिश्रीलाल जैन ग्रुप को चार विकेट से पराजित किया. टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मिश्रीलाल जैन ग्रुप की टीम ने 15 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 140 रन बनाए. ओपनर हिमांशु गुप्ता ने 58, डेविड सागर मुंडा ने 42 रनों की आक्रामक पारी खेली. इसके अलावा तन्मय तंतुबाई ने 18, गौरव सिंह ने 10 रन बनाए. सेरसा चक्रधरपुर की ओर से हिमांशु शर्मा ने तीन जबकि वाल्टर टोप्पो ने दो और अमित दास को एक विकेट मिला. जीत के लिए निर्धारित 15 ओवर में 141 रनों के लक्ष्य को सेरसा चक्रधरपुर के बल्लेबाजों ने 14.4 ओवर में छः विकेट खोकर प्राप्त कर लिया. दोनों ओपनर सन्नी सचिन तिवारी एवं नित्यानंद ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 9.3 ओवर में 112 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभायी. नित्यानंद ने 55 रन बनाए तो सन्नी सचिन तिवारी ने 52 रनों की बहुमूल्य पारी खेली. मिश्रीलाल जैन ग्रुप की ओर से निखिल तिवारी ने दो तथा कप्तान गौरव सिंह ने 31 रन देकर दो विकेट हासिल किए. ललित बी सिंह एवं मुकेश कुमार को एक-एक विकेट मिला.




