
Ranchi: राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में बुधवार को कोरोना के 70 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिये गये. सबकी जांच हो रही है. माइक्रोबायोलॉजी विभाग के एचओडी ने बताया कि रिपोर्ट देर रात तक आयेगी. जिन मरीजों के सैंपल लिये गये थे उन्हें रिम्स के आइसोलेसन वार्ड में रखा गया है.
झारखंड में अभी तक सिर्फ एक विदेशी महिला को ही कोरोना पॉजिटिव पाया गया है. रिपोर्ट सार्वजनिक हो जाने के बाद से पूरे राज्य में लॉक डाउन का मजबूती से पालन किया जा रहा है. रांची के भी कई मोहल्लों ने भी खुद से बैरिकेडिंग कर बाहरी लोगों का प्रवेश बंद कर दिया है.
इसे भी पढ़ें – रांची: #CoronaPositive महिला के संपर्क में आये 23 लोगों को किया गया क्वॉरेंटाइन
बड़ी संख्या में हो रही है स्क्रीनिंग
झारखंड में महिला को कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद राज्य भर में बड़ी संख्या में लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है. रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंच कर स्क्रीनिंग कर रही है.
रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के एचओडी ने भी मंगलवार को कहा था कि जिस इलाके से उस महिला को लाया गया था, उस पूरे इलाके की तो जांच होनी ही चाहिए. झारखंड के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में मंगलवार तक बाहर से आये 73,251 लोगों की स्क्रीनिंग की गयी थी. जारी रिपोर्ट के अनुसार कोरोना प्रभावित देशों से झारखंड लौटे कुल 911 लोगों की निगरानी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें – रांची के पिठोरिया में 10 नेपाली मुस्लिम आये थे जमात में, पुलिस ने सभी को क्वांटेराइन में भेजा
क्वारंटाइन सेंटर के रूप में बड़ी संख्या में बेड तैयार
राज्य में क्वारंटाइन सेंटर के रूप में अभी तक कुल 1469 बेड ही चिन्हित किये जा सके हैं. इसके अलावा बड़ी संख्या में क्वारंटाइन बेड एक से दो दिन में तैयार कर लिये जायेंगे. सरकार जिला प्रशासन के साथ इसके लिए अभियान के तहत जुटी है.
मेडिकल कॉलेजों में आइसोलेशन बेड कुल 96 हैं. जिला अस्पतालों में 200 आइसोलेशन बेड चिन्हित किये गये हैं. निजी अस्पतालों में कुल 261 आइसोलेशन बेड चिन्हित हैं. मतलब सभी प्राइवेट और निजी को मिला कर 567 आइसोलेशन बेड ही सरकार के पास चिन्हित हैं. इसके अलावा राज्य में कई स्थानों को राज्य सरकार ने आइसोलेशन सेंटर और क्वारंटाइन सेंटर के रूप में स्थापित करने पर जोर दे रही है. खेलगांव में 2 हजार से अधिक बेडों का आइसोलेशन वार्ड तैयार कर लिया गया है. कई अन्य को चिन्हित किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें – #FightAgainstCorona : तबलीगी जमात से पलामू लौटा व्यक्ति पकड़ाया, आइसोलेशन वार्ड में भर्ती, कई संदिग्धों की तलाश जारी



