
Ranchi: राजधानी रांची के कांके, चेरी मनातू स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी में आइसोलेशन-क्वारेंटाइन होम बनाया गया है. यूनिवर्सिटी के बिल्डिंग-1 व बिल्डिंग-2 में क्वारेंटाइन होम बनाया गया है.
इस सेंटर को सुचारु रुप से चलाने के लिए दंडाधिकारी भी प्रतिनियुक्त किये गये हैं. दोनों बिल्डिंग में तीन-तीन ग्रुप बनाकर कुल 30 दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है. एक ग्रुप में पांच दंडाधिकारी यानी एक बिल्डिंग में 15 दंडाधिकारी होंगे.
इसे भी पढ़ेंः#Lockdown से 3 मई के बाद मिलेगी राहत? कई राज्य नहीं उठाना चाहते रिस्क, लॉकडाउन बढ़ाने की मांग
तीन शिफ्ट में दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त
सभी दंडाधिकारी को तीन शिफ्टों में बांट दिया गया है. ये अपने-अपने शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे. पहली शिफ्ट सुबह 6 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगी. दूसरी शिफ्ट तीन बजे से रात्रि के 11 बजे तक व तीसरी शिफ्ट रात्रि 11 बजे से सुबह 6 बजे की होगी.
सभी को ससमय पहुंचने को कहा गया है. सेंटर पर तीन पदाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गई है. इसमें अंचल निरीक्षक मांडर रमेश रविदास, अंचल निरीक्षक चान्हो औसाफ अहमद खान व अंचल निरीक्षक रातू सुधीर कुमार जायसवाल हैं.
साफ-सफाई का रखें पूरा ध्यान
जिला प्रशासन ने सभी कर्मियों से कहा है कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो. वरीय पुलिस अधीक्षक से क्वारेंटाइन होम में पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल प्रतिनियुक्त करने को कहा है. नगर आयुक्त से केंद्र परिसर की साफ-सफाई, शौचालय की हर दिन दो बार सफाई एवं सैनीटाइजेशन कराने को कहा है.
इसे भी पढ़ेंःदेश में 26 हजार से ज्यादा लोग कोरोना की चपेट में, 824 की गयी जान, 24 घंटे में 1990 नये मामले
साथ ही टैंकर से पेयजल की व्यव्स्था कराने का निर्देश दिया. इसी तरह सिविल सर्जन से चिकित्सक, एएनएम, एंबुलेंस उपलब्ध कराने को कहा गया है. इसी तरह खाद्य-पेय पदार्थ की व्यवस्था सहित अन्य जरुरी सुविधा जिला नजारत उप समाहर्ता से करने को कहा.
आरयू पहले ही तैयार कर रहा सेंटर
इधर यूजीसी के निर्देश के पर रांची विवि प्रशासन ने पहले ही मेटास नर्सिंग कॉलेज में क्वारेंटाइन सेंटर बनाने का निर्णय लिया है. इस कॉलेज में 25 बेड का क्वारेंटाइन सेंटर बनाया जाएगा, जिसकी मॉनिटरिंग रांची यूनिवर्सिटी प्रशासन करेगा. सेंटर स्थपित किए जाने से संबंधित लेटर जिला प्रशासन को आरयू द्वारा भेज दिया गया है.
इसे भी पढ़ेंःLockdownEffect: देश के सबसे प्रदूषित शहर झरिया की साफ हुई हवा, प्रदूषण में 50 फीसदी तक आयी गिरावट




