ChaibasaJharkhandJharkhand StoryJHARKHAND TRIBESKhas-KhabarLead NewsRanchi

कस्तूरबा स्कूल की छात्रा लुदरी हेंब्रम की मौत पर उठे सवाल, दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग

Chaibasa: कोल्हान में आदिवासी छात्रा के जीवन की कीमत क्या है? टोंटो के कस्तूरबा आवसीय विद्यालय की क्लास 8 की छात्रा लुदरी हेम्ब्रम की 22 जून को हॉस्टल में मृत्यु हो गयी. वह पांच दिनों से बीमार थी लेकिन उसे अस्पताल नहीं भेजा गया था. अभी तक किसी के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई है. चाईबासा में खाद्य व सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य जन अधिकारों पर संघर्षरत खाद्य सुरक्षा जन अधिकार मंच ने इस मामले को लेकर सवाल उठाया है. सोशल मीडिया के माध्यम से इस प्रकरण से जुड़े कई सवालों को उठाया गया जिसके आधार पर मामले की जांच किए जाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: Chakradharpur: कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्रा की मौत, समय से इलाज नहीं होने का आरोप

स्कूल की छात्राओं की मानें तो 22 जून को जब उलटी हो रही थी तब टीचर को बार-बार बुलाया गया लेकिन वे आई नहीं. जब तक वे आई लुदरी गुज़र चुकी थी. अस्पताल में डॉक्टर ने स्पष्ट कहा कि 3 घंटे पहले ही मृत्यु हो गयी थी. लुदरी की मां जाम्बी हेम्ब्रम को विद्यालय की ओर से सूचित ही नही किया गया था कि उनकी बेटी अस्वस्थ थी. बेटी के गुज़र जाने के बाद उन्हें फ़ोन किया गया व शव को गाँव में छोड़ दिया गया. पदाधिकारियों ने पोस्टमोर्टेम तक नहीं करवाया.

स्कूल में है बुनियादी सुविधाओं की कमी

विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की बहुत कमी है. विद्यालय व हॉस्टल में पीने के पानी की बहुत दिक्कत है. कई बार बाथरूम का पानी भी पीना पड़ता है. एक तरफ़ स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस बन रहे हैं, दूसरी ओर कस्तूरबा विद्यालयों की स्थिति दयनीय है. ऐसे में मंच की ओर से मांग की गई है कि तुरंत लुदरी की हत्या के दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज हो, न्यायसंगत कार्यवाई हो व परिवार को पर्याप्त मुआवज़ा मिले. साथ ही, सभी कस्तूरबा व आवासीय विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित हो व नियमित निगरानी की जाए.

Related Articles

Back to top button