
Jamshedpur : गोविंदपुर थाना अंतर्गत हाउसिंग कॉलोनी की रहनेवाली एक 23 वर्षीय छात्रा के घर में घुसकर दुष्कर्म के मामले में घटना के करीब 25 दिन बाद भी आरोपी पुलिस अधिकारी के बेटे पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है. अब हालत यह है कि दुष्कर्म पीडि़ता के घर में देर रात ताक-झांक की जा रही है. यह माजरा सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो चुका है. शनिवार की रात एक युवक पीडि़ता के घर के दरवाजे के पास आकर अंदर झांकने की कोशिश करता नजर आया. हालांकि उसी बीच युवक की नजर जब सीसीटीवी पर पड़ी तो वह मौके से भाग निकला.
इसे भी पढ़ें – दर्दनाक : भूख मिटाने के लिए ₹1 चोरी की पिता ने दी सजा इतनी बड़ी, बच्चे की 10 अंगुलियां काटनी पड़ीं
दूसरी ओर दुष्कर्म पीडि़ता को केस उठाने की धमकी देने का सिलसिला अब तक नहीं थमा है. पीडि़ता के मुताबिक उसे अब भी रास्ते में रोककर केस उठाने की धमकी दी जाती है. यह सिलसिला गोविंदपुर थाना में पुलिस अधिकारी के बेटे के पर दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद ही शुरु हो गया था. पीडि़त परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार भी लगाई थी. बावजूद इसके असामाजिक तत्व उसे अब भी धमकी दे रहे हैं. यह पीडि़ता के साथ उसके परिजनों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है. मालूम हो कि दुष्कर्म की घटना बीते 3 अगस्त की रात की है. घटना के बाद पीडि़ता की शिकायत पर पहले तो पुलिस मामले के आरोपी पुलिस अधिकारी के बेटे को थाना ले गई, लेकिन करीब दस घंटे बाद मामला तब पूरी तरह से बदल गया था जब दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात सामने आ गई. हालांकि उसके दूसरे ही दिन पीडि़ता और उसके परिजनों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन से मुलाकात की. उसके बाद एसएसपी के आदेश पर मामले में कार्रवाई शुरु की गई थी. इस मामले में मुख्य आरोपी के अलावा पीडि़ता पक्ष पर समझौते के लिए दबाव बनाने के आरोप में चार अन्य लोगों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. बावजूद इसके अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. इससे पूरा मामला क्षेत्र में घटना के बाद से ही चर्चा का विषय बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें – BIG NEWS : US ऱाष्ट्रपति बाइडेन की चेतावनी, 36 घंटे में KABUL AIRPORT पर हो सकता है आतंकी हमला




