
- गुरुजी समेत निशिकांत दुबे, विजय हांसदा, हेमलाल मुरमू, प्रदीप यादव, सुनील सोरेन के भाग्य का होगा फैसला
- अंतिम चरण में 6258 मतदान केंद्रों पर 45,64,681 मतदाता करेंगे मताधिकार का इस्तेमाल
Ranchi: झारखंड के दुमका, गोड्डा और राजमहल सीट पर रविवार 19 मई को सुबह सात बजे से वोट डाले जायेंगे. देश भर के अंतिम चरण के मतदान में इन तीन सीटों पर 45.64 लाख से अधिक मतदाता झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन (गुरुजी), निर्वतमान सांसद निशिकांत दुबे, विजय हांसदा, झाविमो महासचिव प्रदीप यादव समेत अन्य के भाग्य का फैसला करेंगे. अंतिम चरण के मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. राज्य निर्वाचन पदाधिकारी एल ख्यांग्ते के अनुसार तीन सीटों के लिए 6258 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जायेंगे. इसमें 5769 मतदान केंद्र ग्रामीण इलाके में हैं.
इसे भी पढ़ें – बिजली आपूर्ति बदतर होने के सबूत: चार सालों में औद्योगिक इकाइयों में प्रतिमाह 1.10 लाख लीटर डीजल की बढ़ी खपत
62762 नये मतदाता
मतदान में 23,64,541 पुरुष, 22,00,119 महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. 62762 नये मतदाताओं को भी वोट डालने का अवसर प्राप्त होगा. पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव को लेकर 38 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है. चौथे चरण को लेकर 153 कंपनी केंद्रीय अर्धसैनिक बल, 66 कंपनी झारखंड आर्म्ड पुलिस, 4700 के लगभग होमगार्ड्स के जवान, 1400 महिला पुलिसकर्मियों और 5700 के लगभग पुलिस अफसरों को तैनात किया गया है. किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निबटने के लिए हेलीकॉप्टर से संवेदनशील बूथों पर निगरानी की जायेगी. सरकार की तरफ से एक एयर एंबुलेंस भी दुमका में स्टेशन किया गया है. राज्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की तरफ से 589 बूथों पर वेब कास्टिंग भी करायी जा रही है.
इसे भी पढ़ें – केदारनाथ : प्रधानमंत्री मोदी ने गुफा में लगाया ध्यान, 12250 फीट की ऊंचाई पर है गुफा
लोकसभा सीट और मतदान केंद्रों की संख्या
| संसदीय सीट | शहरी बूथ | ग्रामीण बूथ | कुल मतदान केंद्र | ||
| राजमहल | 127 | 1893 | 2020 | ||
| दुमका | 105 | 1786 | 1891 | ||
| गोड्डा | 257 | 2090 | 2347 | ||
| कुल | 489 | 5769 | 6258 |



