
Palamu : जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र में मंगलवार की अहले सुबह दर्दनाक हादसा हुआ. इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि आधा दर्जन जख्मी हैं. इनमें से दो को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है, जबकि भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष यदुवंशी सिंह समेत चार का इलाज स्थानीय स्तर चल रहा है. घटना के बाद बीजेपी अजजा मोर्चा अध्यक्ष की बेटी की शादी में मातम पसर गया है. सभी लातेहार जिले से तिलक चढ़ा कर लौट रहे थे.
इसे भी पढ़ें – Jharkhand में बढ़ रहा कोरोना, इस बार भी वैरिएंट का पता लगाने के लिए नहीं होंगे टेस्ट
चालक की झपकी से हुई अनहोनी
जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के गुप्ता लाइन होटल के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में अनियंत्रित बोलेरो गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बोलेरो में सवार नौ में से दो बरातियों ने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया, जबकि एक की मौत नवजीवन अस्पताल तुंबागड़ा में इलाज के क्रम में हो गयी. घटना मंगलवार के तड़के 4.30 बजे के करीब की है.
बताया गया कि बोलेरो सवारी गाड़ी पर नौ लोग सवार थे, जो भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष यदुवंशी सिंह की पुत्री के तिलक कार्यक्रम में शामिल होने लातेहार के निदिंर गांव गये थे. तिलक चढ़ाने के बाद वापस अपने गांव मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सुआ लौट रहे थे. लड़की के पिता यदुवंशी सिंह और दो अन्य को एमआर एमसीएच भेजा गया है. बाकी का इलाज तुंबागडा के अस्पताल में चल रहा है.
सतबरवा के थाना प्रभारी ऋषिकेश राय ने बताया कि आशंका व्यक्त की जा रही है कि ड्राइवर के झपकी लेने से घटना हुई होगी. ट्रक होटल के पास सड़क से करीब 8 फीट नीचे खड़ा था. बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरते हुए ट्रक में जा टकराया.
इनकी हुई मौत, ये हैं जख्मी
मृतकों में मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सुआ निवासी सोना सिंह, लोकनाथ सिंह, युगेश्वर सिंह शामिल हैं. वहीं महेंद्र सिंह, दरबान सिंह, कृष्णा सिंह, यदुवंशी सिंह और बोलेरो चालक सह मालिक रोबिन सिंह के अलावे सतबरवा के बोहिता गांव स्थित बिचला टोला के सहयोगी सहायक शिक्षक जोगेंद्र सिंह जख्मी हैं.
इसे भी पढ़ें – खतरे की घंटी: +92 से शुरू Mobile no से रहें सावधान
7 साल की बच्ची को खरोंच तक नहीं आयी
बताया जाता है कि हादसे में बोलेरो के बीच वाली सीट पर सवार तीन लोगों की मौत हुई, जबकि आगे की सीट पर बैठे यदुवंशी सिंह जख्मी हैं. यदुवंशी सिंह के साथ बैठी उनकी सात साल की पोती को एक खरोंच तक नहीं आयी. चालक को भी गंभीर चोट नहीं आयी है.
9 को आनी है बारात
यदुवंशी सिंह की दो बेटियां हैं. 2 मई को छोटी बेटी का तिलक समारोह था. 9 मई को उसकी बारात आने वाली है. घटना के बाद यदुवंशी सिंह अचेत हैं. उनका इलाज चल रहा है. घटना के बाद यदुवंशी सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. शादी के बाकी के कार्यक्रम और इलाज को लेकर परिवार के लोग परेशान हैं. घटना की सूचना मिलने पर यदुवंशी सिंह का हाल चाल जानने के लिए बीजेपी के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष विजयानंद पाठक और सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा समेत अन्य कार्यकर्ता सदर अस्पताल पहुंचे. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, वहीं डाक्टरों के साथ समन्वय बना कर इलाज में मदद की.
इसे भी पढ़ें – धालभूमगढ़ : सड़क किनारे पत्थर से टकराईं बारात गाड़ी, एक की मौत, तीन घायल



