
Palamu : जिले के नौडीहा बाजार एवं छतरपुर के सीमावर्ती बटाने डैम के किनारे 4 एकड़ में लगायी गयी पोस्ता की फसल को पुलिस ने नष्ट कर दिया है. साथ ही इस सिलसिले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में छतरपुर थाना क्षेत्र के धोबीडीह के जितेंद्र कुमार यादव, पिता लवलेश यादव एवं बिहार के गया जिले के सलैया के पथरा निवासी उदय प्रजापति, पिता मुन्नी प्रजापति शामिल हैं.
गिरोह बना कर की गयी खेती
एक गिरोह बना कर बटाने के डैम किनारे पोस्ता की खेती की गयी थी जिसमें गिरफ्तार जितेंद्र कुमार यादव के पिता लवलेश यादव, भाई रवि यादव, चाचा शंभू यादव तथा मनातू निवासी ससुर विजय यादव के अलावा 16 अन्य लोग शामिल हैं, जो जितेंद्र कुमार यादव के रिश्तेदार एवं परिचित हैं.
बुधवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए छतरपुर के एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि उपरोक्त गिरोह के द्वारा बटाने डैम के किनारे पोस्ता की खेती की जा रही थी. सारी जमीन गैरमजरूआ होने के साथ-साथ सुदूर एवं दुर्गम है तथा डैम के बगल में होने के कारण सिंचाई के लिए पानी की पर्याप्त उपलब्धता है. इस कारण इस जगह को पोस्ता की खेती के लिए चुना गया था. पोस्ता की फसल में चीरा लगा कर अफीम संग्रह करने ही वाले थे कि इसकी जानकारी उन्हें मिल गई. सूचना के बाद एक टीम बनाकर घंटों कार्रवाई की गई और फसल को नष्ट करा दिया गया.
एसडीपीओ ने बताया कि पोस्ते की खेती के बचाव एवं छुपाने के लिए आरोपियों के द्वारा चारों तरफ चना, गेहूं, मकई आदि की फसल लगायी गयी थी तथा देखभाल एवं निगरानी के लिए अस्थाई झोपड़ी भी बनायी गयी थी. छापामारी के क्रम में उक्त झोपड़ी में से खेती में लगाये गये पैसों के हिसाब-किताब से संबंधित कई दस्तावेज बरामद किये गये हैं. पुलिस की छापेमारी एवं अनुसंधान अभी भी जारी है. इस कार्रवाई में नौडीहा बाजार एवं छतरपुर अंचल के साथ-साथ प्रशासन की संयुक्त टीम शामिल थी.
इसे भी पढ़ें – गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर व्यापक तैयारी में जुटी भाजपा



