
Jamshedpur : जमशेदपुर से सटे बोड़ाम थाना अंतर्गत पोखरिया सबर टोला निवासी 65 वर्षीय झींगीं महतो का शव उसके घर के दरवाजे पर ही पाया गया. बुधवार सुबह शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने ही पुलिस को दी. सूचना पाकर बोड़ाम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. स्थानीय लोगों के अनुसार वृद्धा अकेले ही घर पर रहती थी और हड़िया बेचकर गुजारा करती थी. उसके बेटे जमशेदपुर में रहकर मजदूरी करते हैं जबकि परिवार के अन्य सदस्य पोखरिया बस्ती में रहते हैं. जानकारी देते हुए थाना प्रभारी धनंजय बैठा ने बताया कि महिला पोखरिया बस्ती से दूर सबर टोला के पास एक झोपड़ी में रहती थी. हत्या किसने और क्यों की इसके बारे में पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने शव का पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. शव देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि लाठी डंडे या पत्थर से पिटाई कर उसकी हत्या की गई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.




