Court NewsLead News

मॉब लिंचिंग मामलाः शिकायतकर्ता अलीमुद्दीन की पत्नी की ओर से बहस पूरी

Ranchi : मॉब लिंचिंग में अलीमुद्दीन की हत्या के सजायाफ्ता के मामले में मंगलवार को शिकायतकर्ता अलीमुद्दीन की पत्नी की ओर से अधिवक्ता की बहस पूरी हो गयी. अब मामले में बुधवार को सुनवाई होगी. बुधवार को प्राथियों एवं राज्य सरकार की ओर से अंतिम बहस हो सकती है. शिकायतकर्ता की ओर से बहस में जाने के पूर्व भी राज्य सरकार की ओर से मामले में बहस की गयी थी. बीते 15 सितंबर को दीपक मिश्रा, विक्रम प्रसाद सहित सभी अपीलकर्ता की ओर से बहस पूरी हो गयी थी.

दीपक मिश्रा व अन्य की ओर से निचली अदालत द्वारा दी गयी सजा के खिलाफ दाखिल याचिका की सुनवाई मंगलवार को झारखंड हाइकोर्ट के न्यायमूर्ति रंगन मुखोपाध्याय की अध्यक्षतावाली खंडपीठ में हुई.  बता दें कि रामगढ़ कोर्ट ने 21 मार्च 2018 को 11 दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनायी थी. हजारीबाग के मीट कारोबारी अलीमुद्दीन अंसारी की प्रतिबंधित मांस ले जाने के आरोप में भीड़ द्वारा पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी थी. इस मामले में मृतक की पत्नी ने 12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी थी. 16 मार्च 2018 को 12 में से 11 आरोपियों को दोषी करार दिया था, जबकि एक आरोपी को नाबालिग होने के कारण उसका मामला जुवेनाइल बोर्ड में भेज दिया गया था.

जिन्हें अदालत द्वारा आजीवन कारावास की सजा दी गयी थी उनमें छोटू वर्मा, दीपक मिश्रा और संतोष सिंह के अलावा भाजपा नेता नित्यानंद महतो, विक्की साव, सिकंदर राम, उत्तम राम, विक्रम प्रसाद, राजू कुमार, रोहित ठाकुर, और कपिल ठाकुर शामिल थे.

यह भी बता दें कि रामगढ़ जिले के मनुआ फुलसराय के रहने वाले अलीमुद्दीन की हत्या 29 जून 2017 को कर दी गयी थी. मारुति वैन से प्रतिबंधित मांस ले जाने के आरोप में भीड़ ने बाजार टांड़ स्थित गैस एजेंसी के पास अलीमुद्दीन की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी.

इसे भी पढ़ें – गिरिडीह में बंद पड़े दो बड़े कोयला खदान मामले में जेएमएम और भाकपा माले आमने-सामने

Related Articles

Back to top button