
Chatra: लातेहार और चतरा में पिछले दिनों भाकपा माओवादी संगठन के शीर्ष नक्सलियों के साथ हुए सुरक्षाबलों की हुई मुठभेड़ के बाद एक बार फिर से बिहार-झारखंड के सीमावर्ती इलाके में एंटी नक्सल अभियान तेज होने की सुगबुगाहट शुरू हो गई है. मंगलवार को चतरा में बिहार और झारखंड के पुलिस अधिकारियों की इंटर स्टेट हाईलेवल मीटिंग हुई जिसमें चतरा जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ- साथ गया जिले के वरीय पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे. बैठक में चतरा और गया दोनों जिले के सीमावर्ती थाना क्षेत्रों के डीएसपी, इंस्पेक्टर व थाना प्रभारी समेत नक्सल अभियान से जुड़े सुरक्षा बलों के अधिकारी भी मौजूद रहे. परिसदन भवन में एसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में करीब चार घंटों तक चली इस मैराथन हाईलेवल मीटिंग में नक्सलियों, अपराधियों, माफियाओं और तस्करों के विरुद्ध इंटरस्टेट संयुक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया गया.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह में बंद पड़े दो बड़े कोयला खदान मामले में जेएमएम और भाकपा माले आमने-सामने
दोनों जिलों के पुलिस के बीच समन्वय बनाने पर जोर
बैठक के दौरान अभियान की सफलता को लेकर दोनों जिलों के पुलिस पदाधिकारियों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया. इस संबंध में एसपी राकेश रंजन ने कहा कि नक्सलियों का खात्मा ही उनका लक्ष्य है. झारखंड और बिहार पुलिस मिलकर संयुक्त इंटरस्टेट क्राईम कंट्रोल अभियान जल्द लांच करेगी. उन्होंने नक्सलियों से फिर से हथियार छोड़ मुख्य धारा में शामिल होने की अपील की. एसपी ने कहा कि नक्सली यदि सरेंडर नहीं करते हैं तो पुलिस उनसे सख्ती से निबटेगी.एसपी ने कहा कि नक्सलियों के अलावे अंतर्राज्यीय अपराधियों,तस्करों और माफियाओं के गिरोहों पर भी नकेल कसने की तैयारी है.




