JharkhandLead NewsNEWSPalamu

पलामू: पूर्व मंत्री चंद्रशेखर दुबे समेत दस के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, NHAI के अधिकारी ने लगाया मारपीट का आरोप

Palamu: झारखंड के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे समेत दस के खिलाफ गुरूवार को नावाबाजार थाना में नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के एक अधिकारी ने गाली-गलौज एवं मारपीट करने की आपराधिक प्राथमिकी दर्ज कराई है. इसकी पुष्टि विश्रामपुर के एसडीपीओ सुरजीत कुमार ने की है.

यह प्राथमिकी बुधवार की शाम पूर्व मंत्री ददई दुबे और उनके अन्य साथियों द्वारा उक्त एजेंसी के पड़वा कैम्प ऑफिस में धावा बोलने और गाली-गलौज के साथ मारपीट करने को लेकर पुलिस ने दर्ज की है. विश्रामपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरजीत कुमार ने बताया कि उक्त एजेंसी के प्रोजेक्ट प्रभारी एवं अभियंता पार्थ घोष के दिए आवेदन के बाद हुई प्रारंभिक जांच के पश्चात प्राथमिकी दर्ज की गयी है. उन्होंने बताया कि उक्त एजेंसी राष्ट्रीय राजमार्ग-75 के तहत भोगु से शंखा तक फोरलेन निर्माण में लगी है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

इन धाराओं में दर्ज हुई है एफआईआर

इस मामले में चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे पर आईपीसी की धारा 147, 149, 341, 342, 353, 323, 447, 504, 506 लगाई गई है. आरोप है कि ददई दुबे अपने निजी सहायक और 8-10 अज्ञात लोगों के साथ कार्यालय में घुस गए थे और उन्होंने कंपनी के इंजीनियर दीपांजन दत्ता और अन्य कर्मियों के साथ गाली गलौज और मारपीट की है. नवाबाजार थाना प्रभारी दीपक कुमार दास ने बताया कि एफआईआर दर्ज की गई है.

पूर्व मंत्री ददई दुबे पर आरोप है कि उन्होंने थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों को फोन पर भी हड़काया. इस दौरान एनएचआई के कैंप कार्यालय में तैनात एक रिटायर पुलिस इंस्पेक्टर को भी पीटा गया.

ददई दुबे ने भी कंपनी पर कई आरोप लगाए हैं. उनका कहना था कि कंपनी से निकल कर धूल सीएसडी कॉलेज तक जा रही है, जिससे वहां पढ़ने वाले छात्रों को परेशानी होती है.

इसे भी पढ़ें: धनबाद के बलियापुर और बरवाअड्डा में बनेगा पुलिस स्टेशन बिल्डिंग, पुलिस लाइन रांची और जैप-6 में 225 बेड का बैरक

 

Related Articles

Back to top button