
Palamu : ससुराल से घर जा रहे एक युवक की अज्ञात वाहन के धक्के से मौत हो गयी. घटना डालटनगंज-रांची मुख्य पथ पर सतबरवा थाना क्षेत्र के खामडीह गांव के समीप हुई.
युवक की पहचान लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के एरूआ निवासी ललन सिंह (30वर्ष) के रूप में हुई है. बुधवार की तड़के घटना हुई. घटना के बाद युवक घंटों सड़क पर जख्मी हालत में तड़पता रहा.
इसे भी पढ़ें- सीएम के काफिले पर हमलाः डीजीपी ने की उच्चस्तरीय बैठक, दो थाना प्रभारी सस्पेंड
जानकारी के अनुसार ललन सिंह खामडीह गांव स्थित अपने ससुराल आया हुआ था. मंगलवार की रात ससुराल में किसी बात पर विवाद हुआ और वह गुस्से में बाइक उठा कर रात करीब 2 बजे अपने घर जाने के लिए निकल पड़ा.
एनएच 39 पर युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया. वह जख्मी हालत में सड़क पर गिर गया. अंधेरा होने की वजह से किसी की उस पर नजर नहीं पड़ी. सुबह जब कुछ लोग इस ओर आए, तब युवक को जख्मी हालत में गिरा देखा.
सतबरवा थाना प्रभारी इन्द्रदेव राम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही थाना के कनीय पुलिस पदाधिकारी विजय रमानी को मौके पर भेजा गया. युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया. वहां पहुंचने पर उसकी मौत हो गयी. शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. घटना की छानबीन की जा रही है.
इसे भी पढ़ें- डीवीसी बिजली कटौती: जेबीवीएनएल ने मांगा 13 जनवरी तक का समय, सौ करोड़ किया जायेगा भुगतान




