
Ranchi: पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बाघापाड़ा जंगल में दो युवतियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बड़ातालडीह के रहनेवाले रावण सोरेन उर्फ रावण मुर्मू और पतरस मुर्मू के रूप में की गई है. वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है. पुलिस के अनुसार 7 जून को लिखित सूचना मिली कि आवेदक की दो बहनें 6 जून को दोपहर घर से निकली थीं. जो नहीं लौटीं. सूचना पर पुलिस ने दोनों को बरामद किया तो पता चला कि दोनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है. मामले को लेकर अमड़ापाड़ा थाना में (कांड संख्या 24/2024) में आइपीसी की धारा 342, 376डी, 120बी, 34, 379 और पॉक्सो एक्ट की धारा 4/6 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी. वहीं आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए एक टीम का गठन किया गया. पुलिस की छापेमारी में प्राथमिकी आरोपी रावण सोरेन और एक अप्राथमिकी आरोपी पतरस मुर्मू को गिरफ्तार किया.
परिचित युवक के साथ मोबाइल बनवाने निकली थी घर से, बाघापाड़ा गांव के जंगल दोस्तों के साथ किया सामूहिक दुष्कर्म
जानकारी के मुताबिक दोनों बहनें मोबाइल बनवाने के लिए पाकुड़ के पाडेरकोला बाजार आयी हुई थीं. वहां से तालडीह गांव के एक परिचित युवक के साथ अमड़ापाड़ा बाजार गयीं. अमड़ापाड़ा बाजार से दोनों युवतियों को युवक डुमरचीर गांव में गुरुवार को लगने वाले साप्ताहिक हटिया ले गया. इस पर लड़कियां कहने लगीं कि हम दोनों को घर पहुंचा दो, लेकिन वह युवक उन्हें डुमरचीर हटिया से बाघापाड़ा गांव के जंगल में ले गया. जंगल में पहुंच कर युवक ने वहां से फोन कर कुछ लड़कों को बुलाया. इस पर कुछ देर बाद बाईक पर सवार होकर आधा दर्जन लड़के वहां पहुंचे. इसके बाद दोनों लड़कियों से दरिंदगी की. सामूहिक दुष्कर्म के बाद दोनों को वहां छोड़कर लड़के भाग निकले. वहां से बड़ी लड़की ने छोटी लड़की को ढूंढ़ने का प्रयास किया लेकिन जब वह नहीं मिली तो पास के गांव बाघापाड़ा पहुंच गयी. रातभर वहां रहने के बाद सुबह उसने-अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजनों ने अमड़ापाड़ा थाने को इसकी जानकारी दी.
इसे भी पढ़ें – राहे हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने बंगाल से किया गिरफ्तार



