
Dhanbad : भाजपा से फूलचंद मंडल को टिकट नहीं मिलने से नाराज कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बरवाअड्डा के दुर्गा मंदिर में बैठक की. बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं ने फूलचंद मंडल को टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी जतायी. बैठक में फूलचंद मंडल ने कहा कि यदि लोगों की इच्छा है कि मैं चुनाव लड़ूं तो मैं हर हाल मे चुनाव लडूंगा.
बैठक में कार्यकर्ताओं ने कहा कि फूलचंद मंडल सबके चहेते नेता हैं. फूलचंद मंडल के नेतृत्व में ही क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हो सकता है. उन्होंने कहा कि सिंदरी विधानसभा के लोग भाजपा को नहीं जानते, वे फूलचंद मंडल का चेहरा देख कर वोट देते हैं.
उन्होंने कहा कि भाजपा ने फूलचंद मंडल को टिकट नहीं देकर गलती की है, जिसका खामियाजा पार्टी को चुनाव में भुगतना होगा.
इसे भी पढ़ें – #JharkhandElection: पहले चरण के चुनाव तक बीजेपी की चुनावी रणनीति फेल, ना पार्टी बची और ना ही गठबंधन
लोगों की इच्छा है, तो मैं हर हाल में लड़ूंगा चुनावः फूलचंद
वहीं बैठक में शामिल सिंदरी विधायक फूलचंद मंडल ने कहा कि अगर लोगों की इच्छा है कि मैं चुनाव लड़ूं तो मैं हर हाल में चुनाव लड़ूंगा. मैं लोगों की इच्छा का सम्मान करता हूं और लोगों की इच्छा से ही काम करूंगा.
उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हुआ है. अगर इस चुनाव में उन्हें जीत मिलती है तो वे विकास के कार्य को और तेज गति से बढ़ाने का काम करेंगे और सिंदरी विधानसभा की सभी समस्याओं का समाधान करेंगे.
इसे भी पढ़ें – कोयला का अवैध कारोबार अब धनबाद के बजाय चांडिल, रांची, रामगढ़ होते हुए, गुप्ता जी हैं संरक्षक
सिंदरी में भाजपा को परेशान कर सकता है भितरघात
सिंदरी विधानसभा के लिए भाजपा से टिकट लेकर लौटे इंद्रजीत महतो को अब भी उम्मीद है कि वे फूलचंद मान जायेंगे और चुप बैठेंगे. लेकिन फूलचंद और उनके समर्थकों के बयानों से ऐसा नहीं लगता है कि फूलचंद हार मान जायेंगे.
ऐसे में भाजपा को सिंदरी में भितरघात परेशान कर सकता है. वहीं सिंदरी में भाजपा और आजसू गठबंधन के बीच दरार देखने को मिल रही है. आजसू से मंटू महतो चुनावी मैदान में ताल ठोंकने लगे हैं. माना जा रहा है कि मंटू भाजपा और मासस दोनों के वोट बैंक को प्रभावित कर सकते हैं.
इसे भी पढ़ें – बंधु तिर्की की जमानत पर फैसले को HC ने रखा सुरक्षित, पत्थलगड़ी के समर्थन में दिया था बयान



