West Bengal

24 सितंबर को पूरे कोल इंडिया में एक दिन की होगी आम हड़ताल

Asansol: केंद्र सरकार द्वारा कोयला खनन में सौ फीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआइ) के निर्णय को वापस लेने, कोल इंडिया की सभी अनुषांगिक कंपनियों को मिला कर कोल इंडिया लिमिटेड का गठन करने और कोयला उद्योग में ठेकेदारी, आउटसोर्सिंग, माइनिंग डेवेलपर्स ऑपरेटर (एमडीओ) कोयला उत्खनन, संप्रेषण के कार्य को बंद कर उक्त कार्य में लगे सभी श्रमिकों को कोल इंडिया का मजदूर घोषित करने की तीन सूत्री मांग को लेकर 24 सितंबर को पूरे कोल इंडिया में एक दिन की आम हड़ताल की घोषणा करते हुए श्रमिक संगठनों ने केंद्र सरकार को चिट्ठी भेज दी.

इसे भी पढ़ें – ममता बनर्जी ने कहा, देश की बदहाल #Economy से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए चंद्रयान-2 मिशन का इस्तेमाल कर रही है मोदी सरकार

इसीएल में इस हड़ताल को सफल बनाने को लेकर शुक्रवार को चेलीडांगा में स्थित कोलियरी मजदूर सभा के मुख्यालय में जॉइंट एक्शन कमेटी (जैक) के नेताओं की बैठक हुई. जिसमें इस आंदोलन की सफलता की रणनीति को लेकर 12 सितंबर को आसनसोल गुजराती भवन में सम्मेलन करने का निर्णय लिया गया.

बैठक में पूर्व सांसद सह एटक नेता आरसी सिंह, सीटू के विवेक चौधरी, गिरीश श्रीवास्तव, इंटक के आरपी शर्मा, एचएमएस के विशुनदेव नोनिया, यूटीयूसी के माधब बनर्जी उपस्थित थे. बैठक की अध्यक्षता एचएमएस नेता एसके पांडे ने की.

पूर्व सांसद श्री सिंह ने बताया कि वर्ष 2014 में भाजपा की सरकार आते ही कोयला खान (विशेष प्रावधान) अधिनियम 2015 को पारित कर न सिर्फ कोयला उद्योगों के निजीकरण को लागू किया, बल्कि व्यावसायिक माइनिंग के नाम पर कोयला बेचने की छूट दे दी.

कोल इंडिया का 63 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का आरक्षित फंड हड़प लिया. आनुषांगिक कम्पनियों के कोष को भी शेयरों के बाई बैक करवा कर हड़प लिया. देश के विकास में तीन प्रतिशत की भागीदारी अकेले कोल इंडिया निभाती है. ऐसे में इस संस्था के विकास के बजाय इसमें सौ फीसदी एफडीआइ लागू कर देश के विकास को बाधित करने का निर्णय केंद्र सरकार ने लिया है.

इसे भी पढ़ें – देश में गहराता #EconomicCrisis और सरकार का बेपरवाह रवैया

विदेशी कंपनियां यहां सिर्फ मुनाफा कमाने आयेंगी. रोजगार सृजन और देश के विकास से उसका कोई लेना देना नहीं होगा. मोदी सरकार देश के हित के बजाय कुछ पूंजीपतियों के स्वार्थ में यह निर्णय लिया है. सरकार यदि अपने इस निर्णय को लागू करने में सफल हो गयी तो कोयला उद्योग पर घोर संकट आ जायेगी.

श्रमिक, कर्मचारी, अधिकारी, ठेका श्रमिक किसी की भी रोजगार की कोई गारंटी नहीं होगी. इसके विरोध में रांची में पांच तारीख को सभी फेडरेशनों की बैठक में 24 तारीख को एक दिन का हड़ताल का निर्णय लिया गया है.

इसीएल में इस हड़ताल को सफल बनाने की रणनीति को लेकर शुक्रवार को जैक के नेताओं ने बैठक में 12 अगस्त को सम्मेलन का निर्णय लिया है. उन्होंने कहा कि इस हड़ताल को सफल बनाने में सभी यूनियनों के सहयोग करने को लेकर बात की जा रही है. यह हड़ताल ही देश और श्रमिकों का भविष्य तय करेगी.

इसे भी पढ़ें – तृणमूल के सांगठनिक विस्तार एवं नयी बूथ कमेटी के गठन को लेकर बैठक 

Related Articles

Back to top button