
Ranchi : झारखंड में ई पास बनवाने में परेशानी बरकरार है. स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह की सख्ती के दूसरे दिन भी ई पास बनवाने के लिये राज्य के लोग परेशान हैं. वेबसाइट सही ढंग से काम नहीं कर पा रहा है जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
लाख प्रयास के बाद भी उनकी दिक्कतें कम नहीं हो रही है. ई-पास बना रहे लालपुर निवासी नित्यानंद राय ने बताया कि हम काफी देर से ई – पास बनाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन वेबसाइट खुल ही नहीं रही है. उन्होंने बताया कि बार बार वेबसाइट क्रश कर जा रही है जिससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
इधर, जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक होने की वजह से फिलहाल वेबसाइट काम नहीं कर रहा होगा. उन्होंने बताया कि एनआईसी इस प्रकार की समस्या को देखती है और उम्मीद है कि इस समस्या को जल्द ही खत्म कर लिया जायेगा.
मालूम हो कि सख्त पाबंदियां 16 मई से लागू है. पाबंदी के पहले दिन कोरोना प्रोटोकॉल के उल्लंघन करने पर 65 लोगों के ऊपर प्राथमिकी दर्ज की गई है. बिना ई – पास के 392 लोगों को पकड़ा गया और कुल 1.96 लाख जुर्माना लगाया गया है. राजधानी रांची में कुल 94 चौक चौराहों पर जिला व ट्रैफिक पुलिस की विशेष चेकिंग अभियान चल रही है.




