
Roshan Sinha
Dhanbad: धनबाद में न्यूजविंग की खबर का असर देखने को मिला है. जहां नगर निगम में गाड़ी के ईंधन को लेकर न्यूजविंग की टीम ने खुलासा किया था कि किस तरह से धनबाद नगर निगम में सिटी मैनेजर की साइन वाली खाली तेल की पर्ची जारी हो रही है. इसमें मनमाने ढंग से डीजल-पेट्रोल की मात्रा भरी जाती है. न्यूजविंग ने ‘धनबाद नगर निगम का खेल! तेल की खाली पर्ची पर साइन करने के सवाल पर भड़के नगर आयुक्त’ नाम से खबर प्रकाशित की थी. इस मामले पर नगर आयुक्त ने जांच का भरोसा जताया था. अब पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है.
22 सदस्यीय कमेटी गठित
नगर आयुक्त ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इधर कुछ माह से निगम में ईंधन की अत्यधिक खपत हो रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. निगम में डीजल की हेराफेरी हो रही है. कुछ अंचलों से इस तरह की शिकायत मिली है. इसकी जांच के लिए 22 सदस्यीय जांच टीम गठित की है. टीम प्रत्येक अंचल में ट्रैक्टर में डीजल, कूपन और रसीद की जांच करेगी. जांच रिपोर्ट आने पर जो भी दोषी पाए जाएंगे उन पर एफआईआर होगी.
उल्लेखनीय है कि न्यूज विंग ने इससे पहले इस बात का भी खुलासा किया था कि किस तरह से निगम के कुछ कर्मचारी, अपनी ड्यूटी छोड़ कर दूसरे काम में जुटे रहते हैं. किस तरह के निगम के हाइवा ऑपरेटर सिकंदर झा अपना काम छोड़कर तेल की पर्ची काटते दिखे थे. इन मामलों को अब धनबाद नगर निगम गंभीरता से ले रहा है, और नगर आयुक्त ने साफ किया कि जो भी दोषी होंगे उनपर कार्रवाई होगी.
इसे भी पढ़ेंः झारखंड में नवजात मृत्यु दर में आयी कमी




