
Ranchi: आज मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की 120वीं जयंती पर उन्हें खिलाड़ियों, खेल संगठनों से जुड़े लोगों तथा अन्य ने भी याद किया. जन्मस्थली खूंटी से लेकर राजधानी रांची तक सबों ने खेल में उनके अप्रतिम योगदान का स्मरण किया. मोरहाबादी (रांची) स्थित एस्ट्रो टर्फ हॉकी ग्राउंड परिसर में उनकी प्रतिमा पर खेल निदेशालय, साझा (झारखंड) और हॉकी झारखंड की ओर से उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया. इस दौरान ओलंपियन मनोहर टोपनो, इंटरनेशनल लॉन बॉल प्लेयर रूपा रानी तिर्की, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, रांची नगर निगम की मेयर आशा लकडा, हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, झारखंड राज्य कुश्ती संघ के रजनीश कुमार, झारखंड खेल प्राधिकरण (साझा) के खेल परामर्शी देवेन्द्र सिंह समेत अन्य भी शामिल हुए. इसके पश्चात राजकीय बालिका उच्च विद्यालय एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम, बरियातू (रांची) में आवासीय प्रशिक्षण केंद्र बरियातू और एकलव्य हॉकी प्रशिक्षण केंद्रर के बीच एक मैत्री मैच का भी आय़ोजन किया गया. मैच में आवासीय बालिका की टीम ने एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र की टीम को 2-1 से हरा दिया. मौके पर विजेता और रन टीम के खिलाड़ियों को खेल निदेशालय की ओर से किट भी प्रदान किये गये.
इसे भी पढ़ें: सिमारिया विधायक किशुन कुमार दास, पूर्व विधायक गणेश गंझू सहित दर्जनों आरोपी को कोर्ट से राहत




