
Ranchi : राज्य में पिछले 2 माह में किसान क्रेडिट कार्ड के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया गया है. इस क्रम में 8 जून को विशेष अभियान चलाया गया था. अब 23 जून को प्रखंड स्तर पर विशेष कैंप का आयोजन किया जायेगा.
कृषि विभाग के सचिव अबू बकर सिद्दीकी ने नेपाल हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि राज्य सरकार की तरफ से पीएम किसान योजना से सूचीबद्ध किसानों में से अब तक 15 लाख किसानों को केसीसी से आच्छादित किया जा चुका है. अन्य बचे हुए सभी बिरसा किसानों को भी केसीसी उपलब्ध कराया जाना है.
इसी कड़ी में 8 जून से प्रथम KCC कैंप आयोजित किया गया. अब 23 जून को मेगा कैम्प सभी प्रखंडों में किया जाना है. इसके बाद भी पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलेगा. विशेष अभियान के माध्यम से 9 लाख आवेदन बैंको में जमा की गई है जो प्रक्रियाधीन है. अब तक चार लाख आवेदनों को स्वीकृत दी गई है.
केसीसी का शिविर प्रखंड स्तर पर लगेगा. इसमें सभी बैंकों के पदाधिकारी सहित कृषि विभाग के पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे. प्रेस वार्ता में एसएलबीसी के डीजीएम सुबोध कुमार ने बताया कि मेगा कैंप में बड़ी संख्या में केसीसी कार्ड भी दिए गए हैं. जो भी वंचित किसान हैं, उन्हें भी केसीसी कार्ड का लाभ दिया जाएगा.
सीएम के हाथों प्रमंडलीय मेगा शिविर की शुरूआत
सचिव के मुताबिक 23 जून को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लातेहार में प्रमंडलीय मेगा शिविर की शुरुआत करेंगे. इसमें पलामू,गढ़वा और लातेहार के लाभुकों को शामिल किया जाएगा. साथ ही उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील करते कहा कि किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए कृषि विभाग की योजनाओं को अपने क्षेत्र में लागू करने में सहयोग करें. उन योजनाओं पर प्रमुखता से ध्यान दें तो हम कृषि के क्षेत्र में महती भूमिका निभा सकते हैं. त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि भी इसमें सहयोग को सामने आएं तो और भी बेहतर होगा. सचिव ने कहा कि समय पर भुगतान करने वाले किसानों को ब्याज में 6% की छूट केंद्र और राज्य सरकार की ओर से दी जा रही है जिसका लाभ किसान ले सकते हैं.
इसे भी पढ़ें : वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में कोडरमा जिला पूरे राज्य में रहा अव्वल, उपायुक्त ने जताई खुशी




