Bokaro

सीसीएल जारंगडीह कांटा घर के पास हाइवा से दबकर युवक की मौत, कोयला उतारने के दौरान हुआ हादसा

Bermo: बेरमो अनुमंडल के सीसीएल कथारा एरिया अंतर्गत जारंगडीह कोलियरी कांटा घर के समीप चलती हुई हाइवा से कोयला उतारने के क्रम में फिसलकर हाइवा के नीचे आकर दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई.मृतक की पहचान पेटरवार थाना क्षेत्र के खेतको गांव निवासी लक्ष्मण यादव के 35 वर्षीय पुत्र बिनोद यादव के रुप में की गई है.घटना की सूचना पाकर मृतक के परिजन सहित काफी संख्या में खेतको के ग्रामीण जारंगडीह कांटा घर पहुंचकर मुआवजा की मांग को लेकर कांटा घर का काम बंद करवा दिया.सूचना पाकर सीसीएल जारंगडीह परियोजना के पीओ परमानंद गुईन, कार्मिक पदाधिकारी एससी पासवान, बोकारो थर्मल थाना के पुलिस निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह,अनि धनंजय कुमार सिंह,सअनि पंकज कुमार भारद्वाज घटनास्थल पर पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली.

घटना के संबंध में बताया जाता है कि अहले सुबह लगभग चार बजे जारंगडीह कांटा घर पर कोयला लदा हाइवा नंबर जेएच 09एआर-9194 कांटा करवाने जा रहा था, कांटा घर से थोड़ा पहले चलते हाइवा से कोयला उतारने के लिए खेतको का कोयला चोर बिनोद यादव चढ़ने लगा.हाइवा पर चढ़ने के क्रम में उसका पैर फिसला और वह हाइवा के पीछे वाले टायर के नीचे आ गया जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.घटना की सूचना पाकर काफी संख्या में ग्रामीण एवं परिजन कांटा घर पहुंचकर काम बंद करवाकर मुआवजा की मांग करने लगे.लगभग पांच घंटे बाद सीसीएल जारंगडीह के पीओ ने मानवता के आधार पर मृतक के परिजन को तीस हजार रुपए दिए तथा कोयला ट्रांसपोर्टरों ने आपस में चंदा करके बीस हजार कुल तीस हजार रुपए दिए.साथ ही इंश्योरेंस की राशि भी परिजनों को दिलवाने का आश्वासन दिया. पांच घंटे बाद मृतक के शव को स्थानीय थाना की पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट स्थित अनुमंडलीय अस्पताल ले गए.पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. सीसीएल प्रबंधन के साथ वार्ता में पीओ एवं कार्मिक पदाधिकारी के अलावा नीरज कुमार मौजूद थे जबकि ग्रामीणों की ओर से आजसू के केंद्रीय सचिव संतोष महतो,खेतको पंचायत के मुखिया सब्बीर अंसारी, दशरथ महतो, कपिल नायक सहित अन्य लोग मौजूद थे.

Related Articles

Back to top button