Bokaro

बोकारो DFO रजनीश कुमार का रांची ट्रांसफर, वन भूमि संरक्षण को लेकर थे प्रयासरत

Bokaro: बोकारो के जिला वन पदाधिकारी (DFO) रजनीश कुमार का ट्रांस्फर कर दिया गया है. इस संबंध में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से अधिसूचना जारी की गई है.

2014 बैच के भारतीय वन सेवा के पदाधिकारी रजनीश कुमार को उप वन संरक्षक, योजना जनजातीय क्षेत्र, रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है. रजनीश कुमार का यह तबादला चर्चा का विषय बना हुआ है. उन्होंने बोकारो जिले में वनभूमि संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय पहल की थी. विशेष रूप से तेतुलिया मौजा की 103 एकड़ वनभूमि बचाने के लिए उन्होंने लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी. इस दौरान उच्च न्यायालय ने उन्हें अवमानना का दोषी भी करार दिया था, फिर भी वे पीछे नहीं हटे. फिलहाल मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है. इसके अतिरिक्त लगभग 500 एकड़ से अधिक वन भूमि को बचाने से लेकर झारखंड -पश्चिम बंगाल के बीच हुए वन भूमि विवाद को सुलझाने में उनका नाम रहा है. उनके प्रयास के बाद तेतुलिया मौजा की जमीन की सीआइडी जांच प्रारंभ हुई चार लोगों की गिरफ्तारी हुई. मामले में ईडी ने भी 15 स्थानों पर छापेमारी की. उनके कार्यकाल में बोकारो जिले में वनभूमि से जुड़ी कई गड़बड़ियों का पर्दाफाश हुआ.

बताया जाता है कि उन्होंने भू-माफियाओं की ओर से सैकड़ों एकड़ भूमि की खरीद-फरोख्त को रोकने में बड़ी भूमिका निभाई. वन विभाग के अनुमति पत्र के अभाव में इन भूखंडों की बिक्री नहीं हो सकी. उनकी सख्त कार्यशैली और पारदर्शिता के कारण उन्हें आम लोगों का समर्थन भी मिला. आप जबकि उनका स्थानांतरण हो गया है तो उनके स्थानांतरण को लोग इस नजर से भी देख रहे हैं.

Related Articles

Back to top button