
Gomia: ऐसा शायद ही सुनने को मिलता हो. लेकिन ऐसा हुआ है. बोकारो जिला के गोमिया प्रखंड अंतर्गत पलिहारी गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना कुमारी दो दिनों से लापता हैं. सपना कुमारी बोकारो जिला में सबसे कम उम्र की मुखिया हैं. घरवालों ने इस मामले को लेकर गोमिया पुलिस को आवेदन भी दिया है. घरवालों के मुताबिक दो अक्टूबर को मुखिया पंचायत सचिवालय में गांधी जयंती मनाने के लिए अपने सभी वार्ड सदस्यों के साथ गई थी. कार्यक्रम खत्म होने के बाद वो अपने घर वापस लौट गयीं. लेकिन थोड़ी ही देर के बाद वो फिर से घर से निकली और लापता हो गयी. कुछ घंटों के इंतजार के बाद सपना कुमारी की खोजबीन शुरू हुई. लेकिन वो कहीं नहीं मिली. जिसके बाद घरवालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. परिजनों ने गोमिया थाने में लिखित आवेदन दिया है. गोमिया पुलिस मामले को गंभीरता लेते हुए सपना कुमारी की तलाश में लगी हुई है. दुर्गा पूजा होने की वजह से थोड़ी और परेशानी बढ़ी. लेकिन पुलिस का दावा है कि मामले को जल्द ही सुलक्षा लिया जाएगा.

बताते चलें कि मुखिया चुनाव में पंचायत में बड़े-बड़े दिग्गजों को धूल चटाकर सपना कुमारी ने मुखिया का पद हासिल किया था. हमेशा पंचायत में सक्रिय रहने वाली मुखिया का इस तरह अचानक गायब होना कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है. देखना दिलचस्प होगा कि पुलिस कबतक मामले को रफा-दफा करती है.




