
Agartala : कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के प्रयास में अगरतला में कारोबारियों ने कहा है कि सामाजिक दूरी के मानकों का उल्लंघन करनेवाले और बिना मास्क पहने उनकी दुकानों पर आनेवाले लोगों को वे सामान नहीं बेचेंगे.
सब्जियों के थोक बाजार महाराजगंज बाजार में प्रवेश द्वार पर ही एक तख्ती टांग दी गयी है, जिस पर लिखा है कि बिना मास्क पहने आये लोगों को सामान नहीं दिया जायेगा.
‘महाराजगंज बाजार सब्जी व्यवसायी समिति’ के सदस्य नकुल दास ने बताया, ‘‘थोक और खुदरा विक्रेताओं ने एक बैठक के दौरान फैसला किया कि वे सरकार द्वारा निर्धारित मानदंडों का सख्ती से पालन करेंगे.’’
बाजार में सब्जी बेचने का काम करनेवाले गौरांग पाल ने कहा कि उन्होंने पिछले कुछ दिनों में कई ग्राहकों का अनुरोध ठुकरा दिया है, क्योंकि ‘‘उन्होंने सामाजिक दूरी के मानदंडों का पालन करने से इंकार कर दिया.’’
इसे भी पढ़ें – #CoronaVirus : रांची में 23 अप्रैल को कुल 7 कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आये, राज्य में अब 56 मरीज
मास्क नहीं, ईंधन नहीं
उन्होंने कहा, ‘‘हमने अपने उत्पाद सिर्फ उन्हीं लोगों को बेचने का फैसला किया है, जो उचित दूरी बनाये रखेंगे और अपनी बारी आने का धैर्यपूर्वक इंतजार करेंगे. यह हमारा काम आसान बनाता है.’’
बटला और लेक चौमुहानी बाजार में विक्रेताओं ने भी इसी तरह के उपाय किये हैं. जमावड़े को रोकने के लिए सभी बाजारों में पुलिस और त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (टीएसआर) के जवान तैनात किये गये हैं.
शहर भर के पेट्रोल पंपों ने भी ‘मास्क नहीं, ईंधन नहीं’ की नीति अपनायी है.
इसे भी पढ़ें – #FightAgainstCorona : हिंदपीढ़ी के 37 सीलिंग प्वाइंट्स पर कैमरे से निगरानी करेगा जिला प्रशासन



