
Ranchi: राज्य में दिसंबर 2021 से धान उठाव की प्रक्रिया जारी है. खाद्य आपूर्ति, सार्वजनिक वितरण विभाग की मानें तो खरीफ विपणन मौसम 2021-22 में 80 लाख क्विंटल धान की खरीद का लक्ष्य रखा गया था. 31 जनवरी, 2022 तक 33,625 किसानों से धान की खऱीद की गयी है. इस डेट तक पिछले साल 30,899 किसानों से धान की खरीद की गयी थी. इस हिसाब से इस साल 2366 अधिक किसानों से धान की खरीद हुई. अब तक (27 फरवरी, 2022) 39 लाख 55 हजार चार सौ दस क्विंटल धान की खरीद कर ली गयी है. मतलब धान क्रय के निर्धारित लक्ष्य का 49.44 फीसदी हासिल हो चुका है. चूंकि 31 मार्च तक ही धान क्रय का डेट विभाग के स्तर से निश्चित है. ऐसे में बाकी 50 फीसदी का लक्ष्य अगले तीन सप्ताह में कैसे पूरा हो सकेगा, इस पर संशय की स्थिति है.
इसे भी पढ़ें: सदन में हंगामा : स्पीकर महोदय राज्य में क्या हो रहा है जो इतनी पुलिस सड़क पर है और हर जगह बैरिकेडिंग…
77 हजार से अधिक किसानों से खरीद
खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से धान खरीद के मसले पर विधायन नवीन जायसवाल ने विधानसभा के जारी बजट सत्र में सवाल भी पूछा था. इस पर विभाग की ओर से सूचना दी गयी है कि खरीफ विपणन मौसम 2021-22 में धान अधिप्राप्ति का कार्य प्रक्रियाधीन है जो 31 मार्च तक के लिये निर्धारित है. इस अवधि तक सभी इच्छुक किसानों से ई-उपार्जन पोर्टल के जरिये धान अधिप्राप्ति की जायेगी. 27 फरवरी तक 77,139 किसानों से धान की खरीद की गयी है. निर्धारित लक्ष्य 80 लाख क्विंटल के विरूद्ध 39,55,410.07 क्विंटल धान क्रय किया जा चुका है.
इस दर पर हो रही खरीद
किसानों से झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के जरिये धान खरीदी जा रही है. प्रति क्विंटल 2050 रुपये (विभागीय संकल्प सं 2954, दिनांक-11.11.20) की दर से किसानों को भुगतान किया गया है. एमएसपी 1868 रुपये है (प्रति क्विंटल) जबकि बोनस के तौर पर 182 रुपये दिये जा रहे हैं.




