
Jamshedpur : उलीडीह थाना क्षेत्र में डिमना चौक पर सरिया लदे ट्रेलर से अनियंत्रित होकर एक ऑटो जा टकराया. इस दुर्घटना में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती किया गया है. घायल ऑटो चालक सुमित उलीडीह के ही शंकोसाई रोड नंबर-एक स्थित कंचन विहार का रहने वाला है.
जानकारी के मुताबिक वह शुक्रवार की रात ऑटो लेकर पारडीह चौक से जा रहा था. उसी बीच डिमना चौक के पास आगे चल रहे सरिया लदे एक ट्रेलर के चालक ने अचानक ब्रेक मार दिया. इससे सुमित ने ऑटो से नियंत्रण खो दिया और ऑटो ट्रेलर से जा टकराया. इससे जहां ऑटो का अगल हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ, वहीं सुमित भी घायल हो गया. इस बीच दुर्घटना की सूचना मिलने पर उसके परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने सुमित को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में लाकर भर्ती किया. फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है.




