
Jamshedpur : समाहरणालय सभागार जमशेदपुर में उपायुक्त सूरज कुमार ने समीक्षात्मक बैठक की. इसमें धान अधिप्राप्ति, पेंशन, भू-अर्जन, छात्रवृत्ति, मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता, कोविड-19 एवं सड़क दुर्घटना में मृतक के आश्रितों को मुआवजा, एसबीएमजी समेत अन्य कई महत्वपूर्ण योजनाओं में प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए.
पूर्वी सिंहभूम जिले में धान अधिप्राप्ति का कार्य पिछले 15 दिसम्बर से प्रारम्भ हुआ है, जिसमें अब तक लक्ष्य के विरूद्ध अपेक्षित प्रगति नहीं पाये जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी जाहिर की. खरीफ विपणन मौसम 2021-22 में जिले को 10 लाख क्विंटल धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य दिया गया है, जिसमें अबतक तीन लाख 35 हजार क्विंटल धान का ही क्रय किया गया है. उपायुक्त ने किसानों के निबंधन पर भी असंतोष व्यक्त किया. 28 फरवरी तक कम से कम 30 हजार योग्य किसानों का निबंधन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. धान का क्रय करते ही किसानों को 50 फीसदी राशि तुरंत मिले, इसके लिए जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, जमशेदपुर को निर्देश दिया गया. धान अधिप्राप्ति के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित लैम्पस के सचिव-अध्यक्ष, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी को निर्देश दिया गया.
एक से 31 मार्च तक हर दिन होगी दिव्यांगों की जांच
दिव्यांग व्यक्तियों के प्रमाण पत्र निर्गत करने हेतु कैम्प का आयोजन करने के संबंध में उपायुक्त ने कहा कि एक से 31 मार्च तक प्रतिदिन मेडिकल बोर्ड बैठेगी, जिसमें सप्ताह के पहले चार दिनों में सदर अस्पताल, जमशेदपुर तथा शुक्रवार एवं शनिवार को घाटशिला अनुमंडल में दिव्यांगों की जांच कर इस संबंध में उचित कार्रवाई की जाएगी. राजकीय अवकाश एवं रविवार को छोड़कर प्रतिदिन कैम्प लगेगा. जिले में वर्तमान में 12 हजार दिव्यांग पेंशनर हैं. सभी दिव्यांगों को यूनिक विकलांगता आईडी कार्ड विशिष्ट पहचान दी जाएगी. दिव्यांगों को यूनिक डिसएबिलिटी आईडी नंबर मिल जाने से दिव्यांगों को प्रमाण पत्र लेकर नहीं घूमना पड़ेगा. एक स्मार्ट कार्ड में ही दिव्यांग से संबंधित सभी जानकारी होगी. यह जानकारी ऑनलाइन रहेगी। वर्तमान में जिल में 5500 कार्ड बने हैं तथा 1549 आवेदन प्राप्त हुए हैं.
ये भी पढ़ें- धनबाद में नगर निकाय चुनाव कराने के लिये हाईकोर्ट में याचिका दायर




