
Jamshedpur : शहर के विभिन्न क्षेत्रों से नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले भागने का मामला थमता नहीं नजर आ रहा है. ताजा मामला परसुडीह और मानगो थाना क्षेत्र से दो नाबालिग लड़की के लापता होने का है. इन दोनो मामलों में संबंधित थाने में अपहरण करने का मामला दर्ज किया गया है. एक मामला मानगो थाना क्षेत्र के डिमना रोड मार्केट से नाबालिग को ले भागने का है. घटना दस फरवरी की सुबह करीब आठ बजे की है. नाबालिग देर शाम तक जब घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरु कर दी. उन्होंने अपने स्तर से करीब तेरह दिनों तक नाबालिग की खोजबीन की. फिर भी उसका कोई पता नहीं चला. हालांकि इस बीच उन्हें यह पता चल गया कि अंशुमन राउत राय नामक युवक उसे बहला-फुसलाकर ले भागा है. उसके बाद 23 फरवरी को नाबालिग के परिजन मानगो थाना पहुंचे. उन्होंने इस मामले में अंशुमन के अलावा उसकी मां और दीनबंधु राउत के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. मामला थाना पहुंचते ही पुलिस इसकी जांच में जुट गई है.
वहीं, दूसरी ओर परसुडीह थाना क्षेत्र से बीते 13 फरवरी की रात एक नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद हैरान-परेशान नाबालिग के परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला. इस मामले में उन्होंने ओड़िशा के जस्सीपुर स्थित चंपा रोड के रहने वाले मगरू दास के खिलाफ थाने में मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. इसके लिए आरोपी का मोबाइल लोकेशन भी ट्रैक किया जा रहा है. ताकि नाबालिग को बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके. बता दें कि शहर में आए दिन नाबालिग को बहला-फुसलाकर लेकर भागने के मामले सामने आते रहते हैं. कई मामलो में पुलिस नाबालिग को बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफल होती है. बावजूद इस तरह के मामले थमने के नाम नहीं ले रहे हैं. एक मामले का खुलासा होता है तो उसके बाद एक-दो और इसी तरह के मामले सामने आ जाते हैं. यह पुलिस के लिए भी परेशानी का सबब बनी रहती है.
ये भी पढ़ें- जमशेदपुर : घर का दरवाजा खुला छोड़ सो गये घरवाले, जेवरात समेत 50 हजार के सामान ले उड़े चोर




