
Jamshedpur : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में लिटिल फ्लावर स्कूल के पास रविवार शाम एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में बाइक सवार विजय अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया. बताया जाता है कि उनकी कमर की हड्डी टूट गयी है. विजय टाटा कमिंस में काम करते हैं. बताया जाता है कि घटना को अंजाम देनेवाला कार चालक नशे में था और अपना नाम बताने से इनकार कर रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह अपनी पत्नी के अंतरराष्ट्रीय ह्यूमन राइट्स का कोल्हान अध्यक्ष होने की धौंस दिखाते हुए सबको देख लेने की धमकी दे रहा था. घटना की खबर पाकर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल बाइक सवार विजय अधिकारी को अस्पताल ले जाया गया . अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने कार के चालक से काफी देर तक पूछताछ की. इसमें पता चला कि उसका नाम सत्येंद्र कुमार सिंह है और वह टाटा मोटर्स के फाउंड्री विभाग में कार्यरत है. इसके बाद पुलिस सत्येंद्र कुमार सिंह और कार को थाने ले गयी. कार के आगे अंतरराष्ट्रीय ह्यूमन राइट्स कोल्हान अध्यक्ष का बोर्ड
लगा हुआ है. साथ ही नाम कंचन सिंह अंकित है. पुलिस घटना की जांच और अग्रेतर कार्रवाई कर रही है.
इसे भी पढ़ें – 10 घंटे पूछताछ करने के बाद ईडी ने IAS पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा को छोड़ा, 50-60 सवाल दागे




