
Palamu : जमीन और मकान पर कब्जा करने की नीयत से एक भाई ने दूसरे भाई को झूठे केस में फंसाने की साजिश रच दी. प्लान के तहत सारा कार्य किया, लेकिन शक होने पर पुलिस के अनुसंधान में दांव उल्टा पड़ गया. हथियार रख कर झूठा केस में फंसाने के आरोप में सूचनादाता युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
मामला शहर थाना क्षेत्र के नावाटोली से जुड़ा है. प्रभारी सदर एसडीपीओ सुरजीत कुमार ने बताया कि गत 5 जुलाई को नावाटोली के विकेश कुमार नामक व्यक्ति द्वारा पुलिस को सूचना दी गयी कि उसका सौतेला भाई शिवशंकर कुमार ने अपने कमरे में अवैध हथियार (रिवाल्वर) रखा है. उसने हथियार रखने का स्थान भी बताया. इसकी सूचना पर पुलिस द्वारा शिव शंकर कुमार के घर का बंद कमरा खुलवा कर तलाशी ली गयी. तलाशी में उक्त कमरे से एक 08 (आठ) चक्रीय देसी रिवाल्वर और .32 की 09 (नौ) गोली बरामद हुई.
इसे भी पढ़ें – Corona: मेदांता के स्टाफ समेत 8 नये संक्रमित मिले, झारखंड का आंकड़ा हुआ 2862
मकान पर कब्जे को लेकर विवाद
मामले की जांच एवं अनुसंधान के क्रम में पाया गया कि सूचनादाता और शिव शंकर कुमार सौतेले भाई हैं. दोनों का नावाटोली में संयुक्त पुराना खपरैल घर (05 डिस्मील में) है एवं इनका पैत्रिक घर जिले के चैनपुर के डूबा में है. दोनों के बीच घर एवं जमीन पर कब्जा को लेकर विवाद चला आ रहा है.
शिव शंकर कुमार अपने दोनों कमरे बंद कर अपने पैत्रिक घर गया था. इसी क्रम में सूचनादाता के द्वारा उसके कमरे की डुप्लिकेट चाबी बनायी गयी और दरवाजा खोल कर उसके कमरे में हथियार एवं गोलियां रख दीं. शिव शंकर कुमार नावाटोली अपने घर आया तो सूचनादाता (विकेश कुमार) ने उसे कमरा नहीं खोलने दिया और पुलिस को हथियार होने की सूचना देकर हथियार बरामद कराया.
इसे भी पढ़ें – झारखंड में कोरोना से 21 वीं मौत, रिम्स के कोविड वार्ड में था इलाजरत
एसडीपीओ सुरजीत कुमार ने बताया कि संदेह होने और शिवशंकर कुमार से पूछताछ के बाद अनुसंधान तेज किया गया. सामने आया कि विकेश कुमार ने पैतृक जमीन और नावाटोली का घर कब्जा करने की नीयत से अपने भाई शिव शंकर कुमार को अवैध हथियार रखने के झूठे केस में फंसाने की साजिश रची थी. विकेश के पास से डुप्लिकेट चाबी बरामद की गयी है. गिरफ्तार करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
गिरफ्तारी अभियान में एसडीपीओ सुरजीत कुमार के अलावा पुलिस निरीक्षक सह शहर थाना प्रभारी अरूण कुमार महथा, परि. पु.अ.नि सुनील लिंडा, पप्पू कुमार मेहता और टीओपी टू के प्रभारी स.अ.नि सुधीर कुमार शामिल थे.
इसे भी पढ़ें – पलामू: लॉकडाउन में हादसे के शिकार प्रवासियों को नहीं मिला मुआवजा, दर-दर भटक रहे परिजन



