
Munger : 21वीं सदी में जहां तकनीक नित नये साधन बना रही है, वहीं मुंगेर में डाकुओं ने घोड़े पर सवार होकर फिल्मी अंदाज में घटना को अंजाम दिया. मंगलवार देर रात घोड़े से आये डकैतों ने इंजीनियर के घर को फिल्मी स्टाइल में घेर लिया और घर में अकेली महिला को बंदूक के दम पर कब्जे में ले लिया. इसके बाद डकैत घर में रखे आभूषण, पीतल के बर्तन, एलसीडी टीवी और अन्य सामान को लेकर चलते बने. इस घटना से साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि बिहार में अब भी पुराने प्रचलन के आधार पर ही डकैती की घटना को अंजाम दिया जा रहा है. घटना जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर लड़ाईयाटांड़ थाना क्षेत्र के गोबिंदपुर की है.
डकैती गोबिंदपुर निवासी सिविल इंजीनियर प्रमोद राम के घर हुई. बीती रात प्रमोद राम की पत्नी शशि कुमारी घर में अकेले थी. इसी बीच हथियार से लैस 10 डकैत घर में घुसे. पीड़िता शशि देवी ने बताया की उसके पति सिविल इंजीनियर हैं और अभी महाराष्ट में उनकी पोस्टिंग है.
इसे भी पढ़ें:Bappi Lahiri dies : बप्पी लाहिरी का झारखंड के इस शहर से था खास रिश्ता, निधन की खबर मिलते ही शोक में डूबे लोग
इस वजह से वह घर में अकेले रहती हैं और इसी का फायदा उठा बीती देर रात बाइक और घोड़े से आये अपराधियों ने पहले उनका घर घेर लिया और दो अपराधी घर में घुसे. इसमें एक के हाथ में रिवॉल्वर और एक के हाथ में लोहे का रड था.
पीड़िता ने बताया कि करीब 1 घंटे तक डकैतों ने घर के सामान को उलट-पलट किया. अपराधी घर में रखा 10 भर सोना, 40 भर चांदी के जेवर, एक लाख कैश के साथ पीतल, कांसे के बर्तन और एलसीडी टीवी भी अपने साथ लेते गये.
इसे भी पढ़ें:रांची एयरपोर्ट पर कपिल मिश्रा को फ्लाइट से उतरवाकर मिले सांसद संजय सेठ, कहा- लोकतंत्र का गला घोंट रही सरकार
उन्होंने बताया, अपराधियों के द्वारा उसके साथ भी गलत काम करने की कोशिश की गयी. लेकिन इसका विरोध करने के बाद डकैत उसे छोड़ दिया और समान लेकर चलते बने.
घटना के संबंध में लड़ाइयांटांड़ थाना प्रभारी नीरज कुमार ठाकुर ने बताया कि अहले सुबह घटना के बारे में जानकारी मिली. घटनास्थल पर जांच की गयी. महिला के आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने की भाषा विवाद से बचने की अपील, कहा- संवाद का बने जरिया, बांटने का नहीं




