
रांची/पटना : बिहार चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए राज्य की 243 विधानसभा सीटों में से 122 सीटों पर मतदान सुबह 7 बजे शुरू हो गया है. इस चरण में 1302 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. मतदान शाम 6 बजे तक होगा हालांकि कई संवेदनशील मतदान केंद्रों पर मतदान 3 बजे तक ही मतदान होने की व्यवस्था चुनाव आयोग ने की है.
बिहार की 122 सीटों के अलावा 6 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश की 8 विधानसभा सीटों पर भी आज उपचुनाव है. इसमें झारखंड का घाटशिला भी शामिल है, जहां 300 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. यहां 13 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हो रहा है.
जम्मू-कश्मीर में बडगाम और नगरोटा, राजस्थान में अंता, झारखंड में घाटशिला, तेलंगाना में जुबली हिल्स, पंजाब में तरनतारन, मिज़ोरम में डम्पा और ओडिशा में नुआपाड़ा में वोटिंग हो रही है.
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को हुआ था. पहले चरण में 121 सीटों पर रिकॉर्ड 64.66% वोटिंग हुई थी.




