
Giridih: राज्य सरकार द्वारा सेविका-सहायिका के नियमावली को कैबिनेट से स्वीकृति प्रदान करने और मानेदय में वृद्धि को लेकर शनिवार को गिरिडीह नगर भवन में आभार व्यक्त कार्यक्रम का आयोजन हुआ. इस मौके पर सेविका-सहायिका संघ की ओर से सूबे के शिक्षा मंत्री जगरन्नाथ महतो, सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू और गांडेय विधायक डा. सरफराज अहमद का सार्वजनिक तौर पर अभिनंदन किया गया और उन्हें सम्मानित किया गया. आभार कार्यक्रम में जिले भर की सेविका-सहायिकाएं मौजूद रही . मानदेय में वृद्धि के साथ नियमावली की स्वीकृति दिए जाने से उत्साहित सेविका-सहायिकाओं ने हेमंत सरकार का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा मंत्री महतो के साथ सदर और गांडेय विधायक को माला पहनाकर सम्मानित किया.
इसे भी पढ़ें: ग्रामीण इलाकों में बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाई सिखाने में सेविका-सहायिका बनेंगी मददगार: जगरनाथ महतो
इस मौके पर शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा कि हेमंत सरकार ने कोई मानदेय नहीं बढ़ाया बल्कि राज्य की महिलाओं का सम्मान किया. जो कार्य भाजपा नहीं कर पाई, वो हेमंत सरकार ने कर दिखाया. संबोधन के क्रम में शिक्षा मंत्री ने पीएम मोदी और भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि पीएम महिलाओं को सम्मान देने की बात करते है और दूसरी तरफ पूर्व के भाजपा शासनकाल में सेविका-सहायिकाओं पर लाठी चलवाया था.

कार्यक्रम में सदर विधायक सोनू ने कहा कि हेमंत सरकार ने राज्य की बहनों को उनका अधिकार देने का काम किया है और यही मूलमंत्र हेमंत सरकार का रहा है.एक बेहतर राज्य और उसके विकास में महिलाओं का योगदान भरपूर है. सदर विधायक ने भी भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि रघुवर सरकार जब तक रही, महिलाओं को उनका अधिकार तक नहीं दे पाई, लेकिन हक मांगने पर लाठी जरुर चली. इस मौके पर गांडेय विधायक डा. सरफराज अहमद ने कहा कि बहुमत नहीं है लेकिन हेमंत सरकार को अस्थिर करने पर भाजपा जरुर जुटी हुई है लेकिन सच्चाई यह है कि सरकारी कर्मचारी से लेकर एक-एक भाजपा समर्थक भी हेमंत सरकार के कार्यकाल की तारीफ कर रहे हैं. इधर आभार व्यक्त कार्यक्रम के दौरान कर्मचारी नेता अशोक सिंह, अशोक सिंह नयन, सेविका-सहायिका संघ की देंवती देवी, रेखा मंडल, गुड़िया देवी, विरमा कुमारी, कुमारी तनूजा, अंशुलता स्वरुप समेत काफी संख्या में सेविका-सहायिकाएं मौजूद थी.




