
Giridih: गिरिडीह प्लस टू उच्च विद्यालय के पिछले हिस्से के रास्ते का छोटा गेट बंद कर दीवार खड़ी करने के कुछ देर बाद ही उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया. दरअसल गिरिडीह प्लस टू उच्च विद्यालय का मुख्य गेट गिरिडीह-जमुआ मुख्य सड़क पर है. वहीं विद्यालय के पिछले हिस्से में एक अन्य छोटा गेट बक्सीडीह रोड की तरफ है. सालों से लोग विद्यालय के अंदर से होकर दोनों गेट का उपयोग करते हुए बक्सीडीह रोड और गिरिडीह-जमुआ मुख्य सड़क पर आना-जाना करते हैं.
गुरुवार को एसडीएम सदर के निर्देश पर दंडाधिकार व पुलिस की उपस्थिति में विद्यालय के पिछले हिस्से बक्सीडीह रोड की तरफ स्थित छोटा गेट को हटाकर वहां दीवार खड़ी कर दी गई. हालांकि शाम को मोहल्ले के लोगों ने इसका विरोध करते हुए नवनिर्मित दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया. चर्चा है कि इस दौरान फायरिंग भी की गई. सूचना मिलने के बाद नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद पुलिस बल के साथ पहुंचे और मामले की पड़ताल की. पुलिस ने तत्काल मिस्त्री को बुलाकर क्षतिग्रस्त दीवार को ठीक करने का निर्देश दिया.
वहीं दीवार को क्षतिग्रस्त करनेवालों की पहचान के लिए आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरा का फुटेज भी पुलिस द्वारा खंगाला जा रहा है. गिरिडीह के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी नगर थाना शैलेश प्रसाद ने कहा गिरिडीह प्लस टू उच्च विद्यालय के नवनिर्मित दीवार को क्षतिग्रस्त किया गया था. उसे तत्काल ठीक कराया जा रहा है. जहां तक फायरिंग किये जाने की चर्चा का सवाल है तो अभी तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है.




