
Koderma: भाजपा की परिवर्तन यात्रा रविवार को कोडरमा पहुंची. सुभाष चौक से लेकर ब्लॉक मैदान तक परिवर्तन रथ पर सवार होकर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और विधायक डॉ. नीरा यादव समेत अन्य भाजपा नेता कार्यक्रम स्थल ब्लॉक मैदान पहुंचे, जहां परिवर्तन सभा का आयोजन किया गया. परिवर्तन सभा में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शामिल हुए. उन्होंने हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने की हुंकार भरी. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और भाजपा के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. ना सहेंगे, ना कहेंगे अब बदल के रहेंगे, के नारे के साथ जनसभा की शुरुआत हुई.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि फिलहाल झारखंड में जमानत वाली सरकार है. यहां के मुख्यमंत्री बेल पर हैं, ऐसी सरकार से राज्य का भला नहीं हो सकता. राज्य में जब डबल इंजन की सरकार होगी तो रफ्तार भी डबल होगी और इसे साकार करने का समय आ गया है. उन्होंने कहा कि जहां-जहां परिवर्तन यात्रा होती है, वहां भाजपा की सरकार बनना तय हो जाता है. यहां भी इस परिवर्तन यात्रा के जरिए सत्ता का परिवर्तन का रास्ता तय हो गया है.
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि हेमंत सरकार के 5 साल पूरे होने को हैं, लेकिन जितने वादे सरकार बनने से पूर्व किए गए थे, सारे वादे अभी भी अधूरे हैं और राज्य की जनता ठगी हुई महसूस कर रही है. उन्होंने इस परिवर्तन रैली के जरिए हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने और भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लोगों को दिलाया.
वहीं विधायक डॉ. नीरा यादव ने भी सभा को संबोधित करते हुए हेमंत सरकार की नाकामियों को गिनाया. कार्यक्रम को लोकसभा प्रभारी राकेश प्रसाद, जिलाध्यक्ष अनूप जोशी सहित भाजपा के कई नेताओं ने भी संबोधित किया. इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष नितेश चंद्रवंशी, जिला प्रभारी अभिमन्यु प्रसाद, जिला मीडिया प्रभारी मनोज कुमार झुन्नू, रमेश सिंह, रामचंद्र सिंह, रमेश हर्षधर, अशद खान, जूही दास गुप्ता, सुनीति सेठ, राजेश सिंह सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.




