
Dr Skand Shukla
चीन से कुछ ख़बरें एक दूसरे विषाणु हंतावायरस संक्रमण की आ रही हैं. एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है और तीस से अधिक संक्रमण से ग्रस्त पाये गये हैं. सोशल मीडिया पर इस ख़बर से ज़ाहिर है, लोगों में अकुलाहट और बेचैनी बढ़नी ही थी.
हंतावायरस कोई एक विषाणु नहीं है, अनेक विषाणुओं का एक समूह है. चूहों को ये विषाणु संक्रमित करते हैं, पर उनमें रोग उत्पन्न नहीं करते. ऐसा विज्ञान का मानना है कि ये विषाणु चूहों की प्रजातियों के साथ ही लाखों सालों से विकसित होते रहे हैं : यह एक क़िस्म का को-इवॉल्यूशन है. एक ऐसा साहचर्य जिसमें दोनों एक-साथ बिना किसी को हानि पहुंचाए रहा करते हैं.
इसे भी पढ़ें – #CoronaVirus : रांची के तमाड़ में एक मस्जिद में रुके 11 विदेशियों को पुलिस ने क्वारंटाइन में भेजा
संक्रमित चूहों के मल-मूत्र या लार के संपर्क में आने से होता है
किन्तु इन संक्रमित चूहों के मल-मूत्र या लार से सम्पर्क में आने से मनुष्य में ये हंतावायरस पहुंच सकते हैं. शरीर के उनके भीतरी अंगों में इनके कारण दुष्प्रभाव पैदा हो सकते हैं. फेफड़ों व गुर्दों को ये विषाणु अधिक प्रभावित करते हैं. हंतावायरस हेमरेजिक फ़ीवर विथ रीनल सिंड्रोम एवं हंतावायरस पल्मोनरी सिंड्रोम इन विषाणुओं के दो प्रमुख रोग-प्रारूप हैं. ये बीमारियाँ विरली हैं, किन्तु इनके कारण मरीज़ों की मृत्यु भी होती गयी है.
हंतावायरस-रोगों का संक्रमण एक मनुष्य से दूसरे मनुष्य में होना बहुत विरल है. ऐसा न के बराबर देखा गया है. ऐसे में इन विषाणुओं का संक्रमण तभी सम्भव है, जब कोई मनुष्य किसी संक्रमित चूहे के मल, मूत्र या लार को सूंघ कर फेफड़ों में प्रविष्ट करा ले. चूहों के काटने से भी इन विषाणु-रोगों का होना पाया गया है.
बुख़ार, बदनदर्द, खांसी, सांस फूलना जैसे लक्षणोंवाले इन रोगों के कारण मरीज़ों में ब्लड प्रेशर का गिरना, शॉक और गुर्दों का फ़ेल होना पाया जा सकता है. हंतावायरस हेमरेजिक बुख़ारों की मृत्यु दर तीस प्रतिशत से भी ऊपर पायी जा सकती है.
इसे भी पढ़ें – #CoronavirusLockdown: सिक्किम में कर्फ्यू, पश्चिम बंगाल में 31 मार्च तक लॉकडाउन
मनुष्य से मनुष्य में संक्रमण की आशंका न के बराबर
हंतावायरस से सम्बन्धित संक्रमणों की मनुष्य-से-मनुष्य में पहुंचने की आशंका न के बराबर है. इसलिए वर्तमान कठिन समय में चीन में पुष्ट हुए कुछ मामलों के आधार पर यहां जनता को घबराये बिना कोरोना-विषाणु-सम्बन्धित पैंडेमिक के लिए अपने रोकथाम के उपायों पर पूरा अमल करते रहना चाहिए.
न्यूज विंग की अपील
देश में कोरोना वायरस का संकट गहराता जा रहा है. ऐसे में जरूरी है कि तमाम नागरिक संयम से काम लें. इस महामारी को हराने के लिए जरूरी है कि सभी नागरिक उन निर्देशों का अवश्य पालन करें जो सरकार और प्रशासन के द्वारा दिये जा रहे हैं. इसमें सबसे अहम खुद को सुरक्षित रखना है. न्यूज विंग की आपसे अपील है कि आप घर पर रहें. इससे आप तो सुरक्षित रहेंगे ही दूसरे भी सुरक्षित रहेंगे.
इसे भी पढ़ें – #CoronavirusLockdown : लंदन से नोएडा आया मेहमान दे गया कोरोना गिफ्ट, महिला पॉजिटिव, ब्लॉसम काउंटी सोसायटी सील



