
Khunti: एसपी आशुतोष शेखर के नेतृत्व में खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. आशुतोष शेखर के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लाख के इनामी जोनल कमेटी के मेंबर जीतराय मुंडा समेत सात नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार नक्सलियों में जीतराय मुंडा, जोगन पूर्ति, मांगो पाहन, दुखन मुंडा, मनय मुंडा, मंगल सिंह मुंडा और शिव सिंह शामिल हैं. नक्सलियों की निशानदेही पर रांची सरायकेला, खूंटी और चाईबासा एसपी के निर्देश पर सुरक्षाबलों ने सर्च अभियान चलाकर भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किया है.
इसे भी पढ़ें- अटॉर्नी जनरल ने कहा- प्रशांत भूषण को सजा देने की जगह दया दिखाए कोर्ट, SC ने कहा- गलती का अहसास होना चाहिए
गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
आशुतोष शेखर को सूचना मिली थी कि भाकपा माओवादी के कुछ नक्सली अड़की मरांगदाहा सीमावर्ती क्षेत्र में जमा हुए हैं. सूचना मिलने के बाद एसपी आशुतोष शेखर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया. पुलिस की टीम ने सर्च अभियान शुरू किया. इसी दौरान रंगरोम जंगल में कुछ लोगों को योजना बनाते देख पुलिस ने घेराबंदी की. जिसके बाद इन सभी की तलाशी ली गयी. तलाशी में उनके पास से हथियार गोली और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ.

इस दस्ते के सक्रिय सदस्य हैं सभी नक्सली
गिरफ्तार नक्सलियों से जब पूछताछ की गयी तो उन्होंने बताया कि सभी लोग हार्डकोर नक्सली अमित मुंडा, बोयदा पाहन और महाराजा प्रमाणिक दस्ते के सक्रिय सदस्य हैं. नक्सलियों के द्वारा रांची के तमाड़, सरायकेला और चाईबासा क्षेत्र में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर आईडी बम लगाया गया था. ताकि सुरक्षाबलों को अभियान के दौरान भारी नुकसान पहुंचाया जा सके.

इसे भी पढ़ें- कांग्रेस में कलहः सिब्बल ने कहा- पद नहीं, देश मायने रखता है, अनिल शास्त्री ने दी सोनिया-राहुल को सलाह
भारी मात्रा में हथियार किया बरामद
नक्सलियों की निशानदेही पर रांची, सरायकेला, चाईबासा और खूंटी जिले के एसपी के निर्देश पर सुरक्षाबलों ने रांची जिले के पियाकुल्ली, अरहंगा सरायकेला जिले के रायसिंदरी, चाईबासा जिले के चित्तिपल, क्षेत्र में अभियान चलाया. इस दौरान भारी मात्रा में गोली, आइडी और अन्य सामान बरामद किया गया.

सुरक्षाबलों ने 5 किलो 7 आइडी, 4 किलो के 65 आइडी, 3 राइफल और 97 जिंदा गोली सहित कई अन्य सामान बरामद किया है. भाकपा माओवादी संगठन रांची खूंटी सरायकेला और चाईबासा जिले में बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में थे. वो सुरक्षाबलों को क्षति पहुंचाने की कोशिश में लगे हुए थे. हालांकि 4 जिले की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के मंसूबे पर पानी फेर दिया. इस अभियान को आइजी ऑपरेशन साकेत कुमार सिंह झारखंड जगुआर के डीआइजी चाईबासा और रांची के द्वारा लगातार निर्देश दिया जा रहा था.
इसे भी पढ़ें- अज्ञात महिला ने MLA राज सिन्हा को भेजा पत्र, कहा- आपको जान से मारने की दी गयी है सुपारी




