Bhul Gai Sarkar

भूल गयी सरकारः #CM की घोषणा के बाद भी नहीं हुई दो हजार वनरक्षी की नियुक्ति, अब ठेके पर रखें जायेंगे 400 वनपाल

Ranchi: 16 जुलाई 2018 को नये विधानसभा परिसर में आयोजित वन महोत्सव में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 2000 वनरक्षियों की नियुक्ति की घोषणा की थी. इस घोषणा को एक साल से ज्यादा हो गये.

एक साल बीत जाने के बाद भी सरकार ने 2000 वनरक्षियों की नियुक्ति नहीं की. औऱ अब इधर 400 वनपाल की नियुक्ति ठेके पर करने की तैयारी चल रही है.

सेवा का अनुभव पाने के तर्क पर इन 400 वनपाल के लिए 60 से 64 साल के लोग भी आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है.

इसे भी पढ़ें – जानिए उन विधायकों को जिन्होंने #BJP के उम्मीदवार को हराया और बन गए भाजपायी, अब टिकट को लेकर रार

किसी भी विभाग के लोग करेंगे आवेदन

वन विभाग की ओर से ठेका पर नियुक्ति के लिए आवेदन की शर्तों के मुताबिक इसमें वन सेवा के अतिरिक्त किसी भी सेवा के लोग आवेदन कर सकते हैं.

इसमें सेवानिवृत्त वनरक्षी व वनपाल के समतुल्य पद के दूसरे विभाग के लोग भी आवेदन कर सकते हैं. इसके अतिरिक्त कृषि, बागवानी, वनरोपन जैसे कार्यों का अनुभव रखनेवाले भी आवेदन कर सकते हैं.

कुल पदों में 100 पद अनारक्षित, 40 एससी, 104 एसटी, 32 ओबीसी, 24 पिछड़ा व 40 पद इडब्ल्यूएस कोटे के लिए होगा. उम्मीदवारों का चयन साक्षात्कार के द्वारा किया जायेगा.

वर्ष 2014 में पहली बार निकली वेकेंसी, तीन साल बाद हुई पूरी

राज्य में अब तक केवल एक बार ही वन विभाग में नियुक्ति हुई है. इसमें वनरक्षी की नियुक्ति की गयी. इस वेकेंसी की अहम बात यह रही कि आवेदन से नियुक्ति तक की प्रक्रिया को पूरा होने में 3 साल का समय लग गया.

पहली बार वर्ष 2014 में वनरक्षी के लिए 2041 पदों की बहाली निकाली गयी थी. 2014 के विज्ञापन की नियुक्ति 2017 में पूरी हुई थी. 2014 से पहले पिछले तीस सालों में इस विभाग के इन पदों पर नियुक्ति नहीं की गयी थी. इसके तहत समान्य वर्ग के छात्रों के लिए उम्र सीमा 35 साल तय की गयी थी.

इसे भी पढ़ें – सांसद गीता कोड़ा के सहारे कोल्हान में टिकी है कांग्रेस, जेएमएम पर है सीट बचाने का प्रेशर

महज घोषणा रह गयी 2000 नियुक्ति

मुख्यमंत्री रघुवर दास की वन विभाग में 2000 पदों के लिए नियुक्ति की घोषणा केवल घोषणा बन कर ही रह गयी. जेएसएससी के माध्यम से बहाली की जानी थी.

अपनी घोषणा में मुख्यमंत्री ने कहा था कि वनरक्षी संपदाओं का संवर्धन और संरक्षण करना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए जल्द ही 2000 पदों पर बहाली की जायेगी.

मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद युवाओं में नयी बहाली को लेकर काफी उत्साह था. पर एक साल से अधिक हो जाने के बाद भी विज्ञापन तक जारी नहीं किया गया.

इसे भी पढ़ें – चतरा में गुम हुई 40 सड़कों की जांच के लिए गठित की गयी समिति, ग्राउंड पर जायेगी टीम

Related Articles

Back to top button