
Ranchi: ओड़िशा के बालासोर में 2 जून की शाम हुए ट्रिपल ट्रेन हादसे में झारखंड के भी कई यात्री घायल हुए हैं. इस भीषण ट्रेन हादसे में महागामा के ठाकुरगंगटी मोरडीहा गांव के निवासी मिथुन पंडित, मुकेश पंडित औऱ नीलम पंडित के भी चोटिल होने की खबर है. इस जानकारी पर विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने मुख्य सचिव (झारखंड) सुखदेव सिंह से उनकी मदद के लिए निवेदन किया. इसके बाद मुख्य सचिव ने तत्परता दिखायी. गोड्डा जिले के अधिकारियों को निर्देशित कर सुनिश्चित किया कि घायलों एवं उनके परिवार को कोई परेशानी नहीं हो. इसके अलावा दीपिका ने ओडिशा यूथ कांग्रेस के सहयोगियों से भी इलाज़रत लोगों की मदद के लिए बात की. इसके बाद ओडिशा यूथ कांग्रेस के लोगों ने भी कमान संभाली. अभी सभी पीड़ितों की हर संभव मदद की जा रही है. दीपिका ने ट्रेन हादसे पर शोक जताते कहा कि वे निःशब्द हैं. व्यथित भी हैं कि कई लोगों ने अपने स्वजनों को खोया है. वे उनकी वेदना महसूस कर रही हैं. ईश्वर उन सभी भाई-बहनों को अपने श्रीचरणों जगह दें जिन्हें असमय मृत्यु मिली. सभी घायल जिनका उपचार चल रहा है, उन्हें जल्द स्वस्थ करें.




