
झारखंड में मौसम का यू-टर्न! तूफान अकवान ने रोकी रफ्तार, रांची से 14 फ्लाइटें रद्द

रांची: तूफान अकवान का असर झारखंड में साफ दिखाई देने लगा है। राज्य के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। रांची समेत कई इलाकों में तापमान में गिरावट आने से ठंड और कनकनी बढ़ गई है। मौसम की इस मार का असर अब हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से संचालित होने वाली 14 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि एक विमान को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा। दूसरी ओर, बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। खेतों में तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
हवाई सेवाओं पर मौसम की मार, 14 फ्लाइटें रद्द
खराब मौसम और लगातार बारिश के कारण रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता समेत देश के कई प्रमुख शहरों के लिए आने-जाने वाली कुल 14 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इनमें दिल्ली की चार उड़ानें शामिल हैं। इसके अलावा हैदराबाद, पटना, भुवनेश्वर, चेन्नई, अहमदाबाद, पुणे और बेंगलुरु समेत अन्य शहरों की उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। वहीं, एक विमान को डायवर्ट करना पड़ा है।
एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट स्टेटस जरूर करें चेक
उड़ानों के रद्द होने और डायवर्जन के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में एयरपोर्ट प्रबंधन और एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। यदि आप रांची से किसी दूसरे शहर की यात्रा करने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की ताजा स्थिति जरूर जांच लें। इसके लिए एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या हेल्पलाइन की मदद ली जा सकती है।
बारिश ने बढ़ाई ठंड, सामान्य से 6 डिग्री नीचे पहुंचा पारा
तूफान अकवान के प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार से ही रांची समेत राज्य के कई जिलों में बारिश हो रही है। शनिवार सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है।
मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से करीब 6 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है।
किसानों की बढ़ी चिंता, धान की फसल पर संकट
बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में धान की तैयार फसल को नुकसान पहुंचने का खतरा है। लगातार बारिश और नमी के कारण कटाई और फसल को सुरक्षित रखने में परेशानी हो सकती है। किसानों को अब मौसम साफ होने का इंतजार है।
फिलहाल झारखंड में मौसम की बदली हुई स्थिति का असर आम जनजीवन, हवाई यातायात और कृषि क्षेत्र पर देखने को मिल रहा है। ऐसे में यात्रियों के साथ-साथ किसानों को भी मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की जरूरत है।




