JharkhandLead NewsRanchi

चान्हो एवं साहिबगंज में नाबालिग आदिवासी छात्रा के साथ दुष्कर्म के विरोध में अभाविप ने फूंका हेमंत सोरेन का पुतला

Ranchi: अखिल भारतीय विद्यार्थी सूरज सिंह मेमोरियल महाविद्यालय इकाई, रांची के कार्यकर्ताओं ने झारखंड के रांची के चान्हो एवं साहिबगंज जिले में नाबालिग आदिवासी लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोपियों को हेमंत सोरेन सरकार द्वारा संरक्षण दिए जाने के विरोध में पुतला दहन कर आक्रोश प्रदर्शन किया. गुरुवार को सूरज सिंह मेमोरियल महाविद्यालय के कैंपस से सैकड़ों विद्यार्थी आक्रोश मार्च करते हुए कॉलेज के मुख्य द्वार पहुंचे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया.

कार्यक्रम का नेतृत्व कर रही सूरज सिंह मेमोरियल महाविद्यालय के इकाई की कला मंच संयोजक रानी सिंह ने बताया कि राजधानी रांची के समीप चान्हो थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग आदिवासी लड़की से मीमशाद अंसारी ने दुष्कर्म किया. लड़की की मां बाहर गई थी और पीड़िता उसके आने के इंतजार में दरवाजा बिना बंद किए अंदर सो रही थी. इसी बीच लड़की को अकेला देख मीमशाद घर में घुस गया और दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया. राजधानी के समीप ही आदिवासी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. सरकार के विरोध में आक्रोशित हम सभी विद्यार्थी हेमंत सोरेन का पुतला दहन करते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को अविलंब फांसी देने की मांग करते हैं.

पूर्व विश्वविद्यालय सह सयोजक अनिकेत सिंह एवं एस एफ एस प्रमुख अंकित रंजन ने बताया कि झारखंड के साहिबगंज जिले में 15 वर्षीय किशोरी ने रविवार की रात दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. किशोरी के पड़ोसी शाहिद अनवर उर्फ मैक्सी ने जान मारने की धमकी देकर 15 अगस्त को उसके साथ दुष्कर्म किया था. इसके बाद गांव में 18 अगस्त की शाम पंचायत बैठी, जिसमें शाहिद अनवर ने अपनी गलती स्वीकार कर ली. इसके बाद पंचायत ने उसपर एक लाख 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया. इधर, पंचायत के फैसले से आहत किशोरी ने रविवार की रात अपनी जान दे दी. आरोपी शाहिद अनवर के गांव एवं परिवार के लोग पीड़िता के ही परिवार को धमकाता रहा.

एबीवीपी झारखंड की बेटियों की इज्जत की कीमत लगाने वाली पंचायत को संरक्षण देने वाली झारखंड सरकार के विरोध में हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर रही है.

महानगर मंत्री ऋतुराज सहदेव ने बताया कि आज रांची राज्य में दुष्कर्म के मामले में पहले स्थान पर है. हेमंत सोरेन की सरकार में राज्य की बहन-बेटियां भय में जी रहीं हैं. हेमंत सोरेन सरकार की पंचायतें शाहिद अनवर जैसे अपराधियों को बचाने के लिए उनकी इज्जत की कीमतें तय कर रही है और सरकार मौन धारण किए हुए है. रांची महानगर के हर महाविद्यालय से चान्हो एवं साहिबगंज की बेटी को न्याय दिलाने के लिए अभाविप विरोध प्रदर्शन करेगा.

Related Articles

Back to top button